कल्जीखाल (अंकित तिवारी)। राजकीय महाविद्यालय कल्जीखाल में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्र द्वारा पुस्तक मेले का आयोजन किया गया। मेले में विद्यार्थियों को नि:शुल्क अध्ययन सामग्री एवं पुस्तकें वितरित की गईं।
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU) के अध्ययन केंद्र (कोड: 14053) द्वारा आयोजित इस मेले का उद्देश्य केंद्र में उपलब्ध उपयोगी पाठ्य सामग्रियों और पुस्तकों को विद्यार्थियों तक पहुंचाना तथा उनमें स्वाध्याय के प्रति रुचि विकसित करना रहा।
अध्ययन केंद्र की समन्वयक डॉ. शोभा रावत ने बताया कि विश्वविद्यालय से प्राप्त विभिन्न पाठ्यक्रमों की बची हुई पुस्तकों को व्यवस्थित रूप से प्रदर्शित करने के लिए मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय एवं मुक्त विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी आवश्यकता व रुचि के अनुसार पुस्तकें एवं अध्ययन सामग्री प्राप्त की।
डॉ. शोभा रावत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुस्तकें ज्ञान का सबसे बड़ा स्रोत हैं। इस पहल का उद्देश्य न केवल उपलब्ध पुस्तकों का सदुपयोग सुनिश्चित करना है, बल्कि सुदूर पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक अध्ययन सामग्री की सहज उपलब्धता भी सुनिश्चित करना है, ताकि संसाधनों के अभाव में कोई भी छात्र शिक्षा से वंचित न रहे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. के. बी. श्रीवास्तव, डॉ. दयाधर सेमवाल, डॉ. निशा चौहान, दमयंती, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




