Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

उत्तराखंड मानव सेवा समिति द्वारा पौड़ी गढ़वाल में 86वां निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं कैंसर जागरूकता कैम्प आयोजित

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में समिति का सराहनीय प्रयास

पौड़ी गढ़वाल(अंकित तिवारी)। उत्तराखंड मानव सेवा समिति, दिल्ली की ओर से जनपद पौड़ी गढ़वाल के नैनीडांडा स्थित श्री अनंतनाथ नागराज मंदिर परिसर में 86वें निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं कैंसर जागरूकता कैम्प का आयोजन किया गया। शिविर के पहले दिन क्षेत्र के ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। लगभग 70 लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में कैंसर जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एम्स ऋषिकेश के कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक सुंदरियाल ने कहा कि वर्तमान समय में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि समय पर जांच, संतुलित जीवनशैली, पौष्टिक आहार और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से कैंसर जैसी बीमारियों की रोकथाम संभव है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों की आवश्यकता पर भी बल दिया।

शिविर के दौरान नेत्र परीक्षण, सामान्य स्वास्थ्य जांच, निःशुल्क परामर्श, चश्मों का वितरण तथा कैंसर जागरूकता सामग्री का वितरण किया गया। ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियां भी प्रदान की गईं। चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और बीमारियों के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह दी गई।

इस अवसर पर उत्तराखंड मानव सेवा समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त वीएन शर्मा ने कहा कि बदलती जीवनशैली और बढ़ती स्वास्थ्य चुनौतियों को देखते हुए समाज में जागरूकता फैलाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समिति पिछले 25 वर्षों से उत्तराखंड के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर रही है और यह उसी श्रृंखला का 86वां स्वास्थ्य शिविर है। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है।

काशीपुर के चामुंडा अस्पताल के सहयोग से आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की टीम ने लोगों की स्वास्थ्य जांच की। शिविर में ग्रामीणों ने समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।

स्वास्थ्य शिविर ने न केवल ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया, बल्कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण कार्य भी किया। सामाजिक सरोकारों से जुड़ा यह आयोजन क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता के लिए एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button