Breakingउत्तराखंडयूथशिक्षासामाजिक

स्वच्छता अभियान से चमका आर०के० पुरम, पर्यावरण मित्रों का हुआ सम्मान

देहरादून(अंकित तिवारी)। स्वच्छ वातावरण से स्वच्छ समाज के उद्देश्य को लेकर राजधानी के जोगीवाला क्षेत्र स्थित आवासीय कॉलोनी आर०के० पुरम में सोमवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। कॉलोनी के सचिव प्रो० के० एल० तलवाड़ के अनुरोध पर क्षेत्रीय पार्षद वीरेंद्र वालिया ने नगर निगम के पर्यावरण मित्रों के पांच सदस्यीय दल को कॉलोनी में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान पर्यावरण मित्रों ने कॉलोनी में झाड़ी कटान एवं व्यापक सफाई की। सफाई के दौरान एकत्रित कूड़े-कचरे को डस्टबिन में एकत्र करने के साथ कूड़ा गाड़ी के माध्यम से उचित स्थान तक पहुंचाया गया, जिससे कॉलोनी को साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिली। अभियान के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को लेकर कॉलोनीवासियों में भी उत्साह दिखाई दिया।
स्वच्छता अभियान के दौरान कॉलोनी के सचिव प्रो० के० एल० तलवाड़ पूरे समय मौके पर उपस्थित रहे। उन्होंने पर्यावरण मित्रों द्वारा किए गए सफाई कार्य की सराहना की और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
सायंकाल अभियान के समापन पर प्रो० तलवाड़ ने टीम की प्रमुख नीलम सहित सभी सदस्यों को शानदार सफाई अभियान के लिए धन्यवाद दिया तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के लिए स्वच्छता के प्रति जागरूकता के साथ सामूहिक सहभागिता भी जरूरी है।
इस अवसर पर समस्त कॉलोनीवासियों ने क्षेत्रीय पार्षद वीरेंद्र वालिया का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी कॉलोनी में नियमित स्वच्छता अभियान जारी रखने की अपेक्षा जताई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button