Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशयूथशिक्षासामाजिक

कर्णप्रयाग महाविद्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों ने नशामुक्ति की शपथ ली

 

कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में मंगलवार को ‘सेवा संकल्प अभियान–विकसित भारत 2047’ के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा, नागरिक कर्तव्यों और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया गया। इस दौरान भाषण, पोस्टर, निबंध और रंगोली प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के सभी सदस्यों ने नशे से दूर रहने की शपथ ली।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री मुख्य अतिथि रहे। भारतीय जनता पार्टी के जनपदीय उपाध्यक्ष सुभाष चमोला ने विशिष्ट अतिथि तथा आशा डिमरी ने अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

मुख्य अतिथि लक्ष्मण खत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है। युवाओं को शिक्षा और कौशल विकास के साथ सामाजिक सेवा तथा राष्ट्रहित के कार्यों में भी योगदान देना चाहिए। विशिष्ट अतिथि सुभाष चमोला ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए देश की प्रगति में सहभागी बनेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

अतिथि आशा डिमरी ने कहा कि सामाजिक एवं राष्ट्रीय विकास में युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों का दायित्व विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ उनमें नैतिक मूल्यों, सामाजिक चेतना और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए युवाओं को अपनी प्रतिभा, ज्ञान और ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. नरेंद्र पंघाल रहे, जबकि संचालन कीर्तिराम डंगवाल ने किया। इस अवसर पर डॉ. शीतल देशवाल, डॉ. नेहा तिवारी, छात्रसंघ अध्यक्ष सुनील सिंह सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी, छात्रसंघ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button