कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में 13 एस.डी. प्लाटून एनसीसी के तत्वावधान में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने एकता दौड़ के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ‘रन फॉर यूनिटी’ से हुआ। महाविद्यालय परिसर से कर्णप्रयाग बाजार तक आयोजित इस दौड़ में एनसीसी कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। कैडेट्स ने आमजन को देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के प्रति जागरूक किया।
दौड़ के समापन पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. राम अवतार सिंह ने कैडेट्स को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद देशी रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में पिरोने में सरदार पटेल की ऐतिहासिक भूमिका रही। उनके विचार आज भी राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर अंडर ऑफिसर ममता के मार्गदर्शन में जागरूकता व्याख्यान भी आयोजित किया गया। इसमें कैडेट्स को सरदार पटेल के जीवन, व्यक्तित्व, दूरदर्शी सोच और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण से परिचित कराया गया। साथ ही राष्ट्र निर्माण में सांप्रदायिक सौहार्द, सामाजिक समरसता और सामूहिक जिम्मेदारी के महत्व पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी कैडेट्स ने देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा समाज में भाईचारे और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने का संकल्प लिया। आयोजन के माध्यम से एनसीसी के आदर्श वाक्य ‘एकता और अनुशासन’ की भावना को साकार करते हुए युवाओं को राष्ट्रहित के प्रति सजग एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।








