कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग (चमोली), बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी तथा रूस के करेलियन शोध केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में प्राकृतिक आपदा एवं प्रबंधन विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय वेबिनार का प्रथम दिवस सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। वेबिनार में भारत सहित विभिन्न देशों के शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों और विषय विशेषज्ञों ने प्राकृतिक आपदाओं, जलवायु परिवर्तन, पर्वतीय क्षेत्रों की संवेदनशीलता तथा आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर अपने शोध एवं अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ रूसी विज्ञान अकादमी के प्रोफेसर सरगेई स्वेतोव के उद्बोधन से हुआ। उद्घाटन सत्र में कार्यक्रम संयोजक एवं बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर विनोद कुमार सिंह ने बताया कि रूस के संस्थान के साथ संयुक्त रूप से इस प्रकार का यह चौथा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग और शोध के क्षेत्र में ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।
उद्घाटन सत्र में काशी विद्यापीठ के पूर्व कुलपति एवं आईआईटी मुंबई के प्रोफेसर टी.एन. सिंह ने ‘हिमाचल हिमालय में रॉकफॉल सिमुलेशन’ विषय पर व्याख्यान देते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में चट्टानों के गिरने की घटनाओं और उनसे उत्पन्न होने वाले खतरों पर प्रकाश डाला। वहीं, लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर ध्रुवसेन सिंह ने जलवायु परिवर्तन एवं समाज पर पड़ने वाले उसके व्यापक प्रभावों को विस्तार से समझाया।
कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करने के साथ उद्घाटन सत्र का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम के संयोजक तथा कर्णप्रयाग महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने किया।
प्रथम दिवस के वैज्ञानिक सत्र में रूस के करेलियन शोध केंद्र के प्रोफेसर वी.ए. सेकोव ने पर्वतीय क्षेत्रों के खतरनाक ढलानों से संबंधित विषय पर व्याख्यान दिया, जबकि डॉ. आई.ए. जोवा ने भूकंपीय गतिविधियों पर अपने विचार रखे। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के प्रोफेसर बेनीधर देशमुख ने मृदा अपरदन के अध्ययन में रिमोट सेंसिंग एवं जीआईएस की उपयोगिता बताई। वहीं, प्रोफेसर आर. भास्कर ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एवं आपदा प्रबंधन के अंतर्संबंधों पर विस्तार से चर्चा की।
आईआईटी रुड़की के डॉ. पीयूष कुमार सिंह ने हिमालयी चट्टानी ढलानों पर किए गए अध्ययनों और उनके विभिन्न प्रभावों की जानकारी दी। देहरादून के भूगर्भ विज्ञानी प्रोफेसर ए.के. बियानी ने ‘हिडन वाटर बम इन हिमालय’ विषय पर व्याख्यान देते हुए हिमालयी क्षेत्र में छिपे जल संबंधी खतरों की ओर ध्यान आकर्षित किया।
इसके अतिरिक्त बोत्सवाना अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय के मोसेकी, गोंट्से एवं नेटहेलंग तथा प्रोफेसर राहुल वर्मा ने प्राकृतिक आपदाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार और शोध निष्कर्ष प्रस्तुत किए।
वेबिनार में देश-विदेश के अनेक शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों एवं शोधकर्ताओं ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया। विशेषज्ञों के व्याख्यानों के माध्यम से प्राकृतिक आपदाओं के वैज्ञानिक अध्ययन, उनके संभावित प्रभावों की पहचान तथा प्रभावी आपदा प्रबंधन की दिशा में अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया।







