Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशयूथरोजगारशिक्षासामाजिक

कर्णप्रयाग महाविद्यालय में भूगोल परिषद के अध्यक्ष पद पर प्रियंका और सचिव पद पर रितु रावत मनोनीत, विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा

कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में भूगोल विभागीय परिषद का गठन उत्साहपूर्वक किया गया। परिषद के गठन में एमए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा प्रियंका को अध्यक्ष तथा बीए पंचम सेमेस्टर की छात्रा रितु रावत को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान विभाग की ओर से विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. चंद्रपाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विभागीय परिषद के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अपने विषय से संबंधित नवीन गतिविधियों, शोध एवं शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त होती है। इससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा विषय के प्रति रुचि विकसित करने का अवसर मिलता है।

भूगोल विभाग प्रभारी डॉ. नंदलाल ने कहा कि विभागीय परिषद विद्यार्थियों को भूगोल विषय में हो रहे नवीन शोध एवं अकादमिक गतिविधियों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को सेमिनार, लघु शोध कार्य, प्रोजेक्ट निर्माण तथा क्षेत्र भ्रमण के दौरान आंकड़ों के एकत्रीकरण का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को विषय से संबंधित नवीन तकनीकों के उपयोग के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

डॉ. आरसी भट्ट ने जनपद चमोली में प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के प्रभाव, आपदा जोखिम न्यूनीकरण तथा आपदाओं के दुष्प्रभावों से बचाव के उपायों पर विस्तार से व्याख्यान दिया। वहीं डॉ. नेहा तिवारी पाण्डेय ने ग्लोबल वार्मिंग एवं जलवायु परिवर्तन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। डॉ. नरेंद्र पंघाल ने विद्यार्थियों को दूरसंवेदन (रिमोट सेंसिंग) एवं जीपीएस की उपयोगिता और उनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों से अवगत कराया।

भूगोल परिषद में इनका हुआ मनोनयन

परिषद गठन के दौरान सर्वसम्मति से एमए तृतीय सेमेस्टर की प्रियंका को अध्यक्ष, एमए प्रथम सेमेस्टर की शिखा को उपाध्यक्ष, बीए पंचम सेमेस्टर की रितु रावत को सचिव, बीए प्रथम सेमेस्टर के आदित्य चंदोला को सहसचिव तथा बीए तृतीय सेमेस्टर के रमन रावत को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने लिया भाग

परिषद गठन के उपरांत विभाग की ओर से भाषण, निबंध, पोस्टर/चार्ट, क्विज एवं मॉडल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में ‘जनपद चमोली पर आपदाओं का प्रभाव’ विषय पर प्रियंका, शिवानी, साक्षी खंडूड़ी, शिखा, पूजा एवं हेमा देवराड़ी ने प्रतिभाग किया। निबंध प्रतियोगिता में प्रियंका, शिवानी, शशि, हेमा एवं शिखा ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त पोस्टर/चार्ट, क्विज एवं मॉडल प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को आगामी विभागीय परिषद कार्यक्रम में प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में भूगोल विभाग प्रभारी डॉ. नंदलाल ने उपस्थित प्राध्यापकों एवं सभी छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। साथ ही विभाग की आगामी गतिविधियों की जानकारी भी साझा की। इस अवसर पर डॉ. चंद्रपाल, डॉ. नंदलाल, डॉ. आरसी भट्ट, डॉ. नेहा तिवारी पाण्डेय, डॉ. नरेंद्र पंघाल, श्री शुभम रावत सहित भूगोल विषय के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button