Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशयूथशिक्षासामाजिक

कर्णप्रयाग महाविद्यालय में निर्वाचन साक्षरता की अलख, निबंध व प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में मंगलवार को निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ ही लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।

 

कार्यक्रम में कर्णप्रयाग विधानसभा के स्वीप नोडल अधिकारी कीर्तिराम डंगवाल ने निर्वाचन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक होना और अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

वहीं, राजनीति विज्ञान के प्राध्यापक डॉ. मदन लाल शर्मा ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक मतदाता की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। एक-एक मत लोकतंत्र की दिशा और दशा निर्धारित करने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को निष्पक्ष एवं स्वतंत्र मतदान के महत्व से भी अवगत कराया।

प्रतियोगिताओं के परिणामों में निबंध प्रतियोगिता में सुप्रिया रावत ने प्रथम, मोहित ने द्वितीय तथा ऋतिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मोहित ने प्रथम, हिमानी ने द्वितीय तथा स्नेहा ने तृतीय स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका डॉ. कविता पाठक, डॉ. मृगांक मलासी एवं डॉ. स्वाति सुंदरियाल ने निभाई।

 

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन संबंधी विभिन्न पहलुओं की जानकारी देने के साथ ही लोकतांत्रिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। अंत में महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं ने मतदान जागरूकता संबंधी मतदाता शपथ लेकर निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं जिम्मेदार मतदान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि युवाओं में निर्वाचन साक्षरता का विकास स्वस्थ एवं सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button