Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथवीडियोशिक्षासामाजिक

हिमालय में भूस्खलन से लेकर आर्कटिक क्षेत्र और जलवायु परिवर्तन तक विभिन्न विषयों पर हुआ मंथन, वैज्ञानिकों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव

कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी) : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग (चमोली), बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी एवं करेलियन शोध केंद्र रूस के संयुक्त तत्वावधान में प्राकृतिक आपदा एवं प्रबंधन विषय पर आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय वेबिनार का विभिन्न देशों के वैज्ञानिकों और शिक्षाविदों के ज्ञानवर्धक व्याख्यानों के साथ समापन हुआ। वेबिनार के दूसरे दिन आयोजित वैज्ञानिक सत्रों में प्राकृतिक आपदाओं, हिमालयी क्षेत्रों में भूस्खलन, अंतरिक्ष मौसम, जलवायु परिवर्तन तथा आधुनिक भू-स्थानिक तकनीकों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

दूसरे दिन के वैज्ञानिक सत्र में अमेरिका की भूगर्भ वैज्ञानिक सुषमा काडेल ने रॉकफॉल सीजनैलिटी विषय पर व्याख्यान देते हुए चट्टानों के गिरने की मौसमी प्रवृत्तियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रो. अशोक सिंह ने अंतरिक्ष मौसम के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला, जबकि देहरादून के वैज्ञानिक डॉ. शांतनु सरकार ने हिमालयी क्षेत्र में भूस्खलन की समस्या और उससे जुड़ी चुनौतियों पर अपने विचार व्यक्त किए। रूस के भूगर्भ विज्ञानी प्रो. यारास्लाव सखारोव ने आर्कटिक क्षेत्र के भौगोलिक एवं पर्यावरणीय पहलुओं की जानकारी दी।

आईआईटी रुड़की के डॉ. शारदा प्रसाद ने रोडकट स्लोप इनस्टेबिलिटी विषय पर व्याख्यान दिया। पीपीएन महाविद्यालय कानपुर के डॉ. काशिफ इम्दाद ने जियोस्पेशियल तकनीक के महत्व को रेखांकित किया। कानपुर विश्वविद्यालय की डॉ. द्रौपदी यादव ने जलवायु परिवर्तन तथा काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की प्रो. आशा लता सिंह ने डिटॉक्सिफिकेशन ऑफ डाई विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया।

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के प्रो. मीनल मिश्रा ने संस्थान की ओर से आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। वहीं, कर्णप्रयाग महाविद्यालय के डॉ. इंद्रेश कुमार पांडेय ने पौधों की सहायता से गढ़वाल क्षेत्र में भूस्खलन प्रबंधन की संभावनाओं एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर विस्तार से प्रकाश डाला।

वेबिनार के समापन सत्र में मुख्य अतिथि प्रसिद्ध भूगर्भ विज्ञानी प्रो. सी.एस. दुबे ने प्राकृतिक आपदाओं के विभिन्न आयामों पर अपने विचार व्यक्त करते हुए इस विषय के वैज्ञानिक अध्ययन और बेहतर प्रबंधन के महत्व को रेखांकित किया। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के प्रो. विनोद कुमार सिंह ने समापन टिप्पणी प्रस्तुत की। कार्यक्रम के अंत में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, आयोजकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

दो दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय वेबिनार में देश-विदेश के अनेक वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं एवं शिक्षाविदों ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की। कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर हुए विचार-विमर्श को प्राकृतिक आपदा प्रबंधन, वैज्ञानिक शोध और पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button