उत्तराखंडक्राइममनोरंजनयूथशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

साइबर अपराध और नशे के खिलाफ कर्णप्रयाग महाविद्यालय में जागरूकता की अलख

कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानन्द राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग में मंगलवार को “साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता तथा नशा मुक्ति जागरूकता अभियान” विषय पर एक प्रभावी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को आधुनिक समय की बढ़ती चुनौतियों के प्रति सजग करना और उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार रहे। उनके साथ एआई ट्रैफिक निरीक्षक अयूब अली तथा सब इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार भी उपस्थित रहे और विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए इंटरनेट बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए। उन्होंने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर जोर देते हुए नए आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता एवं भारतीय सुरक्षा संहिता—की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।

एआई ट्रैफिक निरीक्षक अयूब अली ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया। वहीं, सब इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने मोबाइल फोन के दुष्प्रभावों और साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं को विस्तार से समझाया। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी व्यक्ति के साथ अपना OTP, डेबिट/क्रेडिट कार्ड की जानकारी साझा न करें, अनजान लिंक या APK फाइल डाउनलोड करने से बचें और किसी भी लुभावने ऑफर के झांसे में न आएं।

उन्होंने यह भी बताया कि आज के समय में एआई द्वारा बनाए गए फर्जी वीडियो और फोटो को पहचानना बेहद जरूरी हो गया है। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने तथा ‘संचार साथी’ ऐप डाउनलोड करने की सलाह भी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा सभी उपस्थितजनों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आर. सी. भट्ट द्वारा किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय की एंटी ड्रग समिति के संयोजक डॉ. रविन्द्र सिंह, समिति के समस्त सदस्य, प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button