Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथशिक्षासामाजिक

“नन्हे सपनों को मिली उड़ान: समर कैंप में बच्चों की मेहनत का हुआ सम्मान”

हरिद्वार(अंकित तिवारी)। राजकीय प्राथमिक विद्यालय, भिक्कमपुर, लक्सर ,हरिद्वार में भारतीय भाषा समर कैंप के सातवें एवं अंतिम दिवस पर उत्साह, ऊर्जा और रचनात्मकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरे सप्ताह चले इस कैंप का समापन दिवस विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जहां बच्चों ने भाषा-आधारित गतिविधियों और पारंपरिक खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

सप्तम दिवस की शुरुआत पारंपरिक खेलों से हुई, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक योगेश कुमार ने कहा कि इन खेलों ने न केवल मनोरंजन प्रदान किया, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति बच्चों में जागरूकता भी बढ़ाई। इसके पश्चात प्रेरणादायक सत्र एवं समापन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सराहा गया।

विद्यालय के सहायक अध्यापक कौशिक तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान भाषा-आधारित खेलों ने विशेष आकर्षण बटोरा। अंताक्षरी, वर्ड चेन, टंग ट्विस्टर्स और वर्ड एसोसिएशन गेम्स जैसे रोचक प्रतियोगिताओं ने बच्चों की भाषाई दक्षता को निखारने का कार्य किया। इन गतिविधियों में बच्चों ने अपनी शब्द-भंडार, उच्चारण क्षमता और त्वरित सोच का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

इसके साथ ही बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। सहायक अध्यापक कौशिक तिवारी ने बताया कि क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से उनकी ज्ञानवर्धक क्षमता का आकलन किया गया, वहीं प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

समापन अवसर पर अध्यापकों ने कहा कि इस प्रकार के समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भाषा सीखने के साथ-साथ यह मंच बच्चों को आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों ने इस सफल आयोजन के लिए विद्यालय का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता की अपेक्षा जताई।
इस मौके पर संकुल भिक्कमपुर जीतपुर सीआरसी सलमान अंसारी सहित जितिन,गुलशाहन, सागर, झिलमिल, अनमोल, अवनी,अनमोल,पीयूष, गुलवेज एवं आशियान सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button