Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथरोजगारशिक्षासामाजिक

मॉडल एवं अभिनेत्री वैष्णवी लोहनी ‘साईं सृजन पटल’ के सलाहकार मंडल में शामिल

द्वितीय स्थापना दिवस पर होगा औपचारिक स्वागत

देहरादून(अंकित तिवारी)। उत्तराखंड की उभरती हुई मॉडल एवं अभिनेत्री वैष्णवी लोहनी को साहित्य, संस्कृति और सृजन के क्षेत्र में सक्रिय संस्था ‘साईं सृजन पटल’ के सलाहकार मंडल का सदस्य नामित किया गया है। यह जानकारी पटल के संस्थापक एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो. के.एल. तलवाड़ ने दी।

उन्होंने बताया कि ‘लेखन और सृजन के उन्नयन के लिए सदैव प्रतिबद्ध’ ध्येय वाक्य के साथ साईं सृजन पटल की स्थापना 9 अगस्त 2024 को की गई थी। संस्था साहित्य, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित करने का कार्य भी निरंतर कर रही है। पटल का द्वितीय स्थापना दिवस 9 अगस्त को मनाया जाएगा, जिसमें वैष्णवी लोहनी का सलाहकार मंडल के छठे सदस्य के रूप में औपचारिक स्वागत किया जाएगा।

प्रो. तलवाड़ ने कहा कि वैष्णवी लोहनी ने अपने कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर मॉडलिंग एवं अभिनय की दुनिया में विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने मिस उत्तराखंड 2025 फर्स्ट रनर-अप, मिस अल्मोड़ा, मिस फोटोजेनिक तथा मिस ब्यूटीफुल स्माइल जैसे प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किए हैं। इसके अतिरिक्त फेमिना मिस इंडिया 2026 उत्तराखंड प्रतियोगिता में ‘मिस टैलेंटेड’ का सम्मान प्राप्त कर उन्होंने प्रदेश की युवा बालिकाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनने का गौरव हासिल किया है।

वैष्णवी का मानना है कि प्रतिभा कभी भी संसाधनों की मोहताज नहीं होती। वर्तमान में वह उत्तराखंड की पारंपरिक ज्वेलरी, परिधानों तथा विभिन्न उत्पादों के लिए मॉडलिंग कर रही हैं। वह एक कुशल नृत्यांगना और अभिनेत्री होने के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। समाजसेवा, चैरिटी कार्यक्रमों और जनहित के कार्यों में उनकी निरंतर सहभागिता उन्हें एक संवेदनशील व्यक्तित्व के रूप में स्थापित करती है। उनकी इन्हीं उपलब्धियों और सामाजिक प्रतिबद्धता के लिए साईं सृजन पटल उन्हें पूर्व में भी कई बार सम्मानित कर चुका है।

साईं सृजन पटल पत्रिका के उप संपादक अंकित तिवारी एवं सह संपादक अमन तलवाड़ ने वैष्णवी लोहनी के सलाहकार मंडल में मनोनयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं सलाहकार मंडल के सदस्य वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एस.डी. जोशी, सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो. जानकी पंवार, प्रो. राजेश कुमार उभान, लेखक एवं अभिनेता डॉ. अनूप वीरेन्द्र कठैत तथा साहित्यकार डॉ. चन्द्र भूषण बिजल्वाण ने भी उन्हें इस नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button