Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशयूथराजनीतिशिक्षासामाजिक

अमर शहीद श्रीदेव सुमन के आदर्शों को आत्मसात करने का लिया संकल्प

डोईवाला(अंकित तिवारी)। अमर शहीद श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस के अवसर पर शनिवार को शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने श्रीदेव सुमन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके संघर्ष, त्याग और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को स्मरण किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. देवेश प्रसाद भट्ट ने कहा कि श्रीदेव सुमन केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने टिहरी रियासत की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध अदम्य साहस के साथ संघर्ष किया और 84 दिन की ऐतिहासिक भूख हड़ताल के बाद 25 जुलाई 1944 को अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनका जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का अनुपम उदाहरण है।

कार्यक्रम में प्रो. संगीता बहुगुणा, प्रो. नवीन कुमार नैथानी एवं प्रो. राकेश जोशी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीदेव सुमन का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर डॉ. अंजली वर्मा, डॉ. शिवकुमार लाल, डॉ. पुष्पा कुमारी, डॉ. पूनम भूषण, डॉ. चंद्रावती टम्टा, डॉ. राम सिंह सामंत, अखिलेश गिरि, अमित नेगी, प्राची, सपना, सीमा गुसाईं, सविता, रजनी, जितेंद्र, मंजू, शोभा, सीमा खेरवाल, अमित, प्रिंस, अरुण तिवारी, शगुन, स्वाति, सलोनी, शिवानी सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं अन्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. रीना ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button