कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के प्रसारण के साथ राष्ट्रव्यापी नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राम अवतार सिंह, नशा मुक्ति समिति एवं एनसीसी समिति के सदस्यों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं ने वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए इसके सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने स्वस्थ, जागरूक और सशक्त भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी बल दिया।
कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राम अवतार सिंह ने छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई तथा सभी से समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा यदि नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवन अपनाएं, तो वे राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश प्रभावी ढंग से प्रसारित किया गया।




