नरेंद्रनगर(अंकित तिवारी)। राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ (अभिप्रेरण एवं इंडक्शन) कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों, शैक्षणिक व्यवस्था, नियम-विनियम, अनुशासन, पुस्तकालय सुविधाओं और एंटी रैगिंग संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम में विज्ञान संकाय की जानकारी डॉ. कमल कुमार बिष्ट, कला संकाय की डॉ. दलीप सिंह बिष्ट तथा वाणिज्य संकाय की जानकारी डॉ. हरीश रतूड़ी ने दी। वहीं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के अंतर्गत पर्यटन प्रबंधन एवं पत्रकारिता की जानकारी डॉ. विजय प्रकाश, बीएससी गृह विज्ञान की डॉ. सोनी तिलारा, कंप्यूटर एप्लीकेशन की डॉ. देवेंद्र कुमार तथा बीबीए की जानकारी डॉ. ज्योति शैली ने विद्यार्थियों को प्रदान की।
‘विद्यार्थी महाविद्यालय के प्राण’
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विजय सिंह नेगी ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि अनुशासन, परिश्रम और जागरूकता सफलता की सबसे मजबूत नींव हैं। विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में इन गुणों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं महाविद्यालय के प्राण होते हैं और उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं अनुशासनात्मक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहने की सलाह देते हुए स्पष्ट किया कि सेमेस्टर परीक्षा में शामिल होने के लिए कक्षाओं में 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है।
एंटी रैगिंग को लेकर किया जागरूक
एंटी रैगिंग समिति के संयोजक डॉ. भगवती प्रसाद पोखरियाल ने विद्यार्थियों को एंटी रैगिंग नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नए प्रवेश के दौरान प्रत्येक छात्र-छात्रा को एंटी रैगिंग फॉर्म अनिवार्य रूप से भरना होगा और यह फॉर्म केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार्य होगा।
पुस्तकालय से संबंधित व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं की जानकारी सत्येंद्र चौधरी ने दी।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर की सभासद ममता उपस्थित रहीं। उन्होंने नगरपालिका की ओर से महाविद्यालय को हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग प्रभारी जितेंद्र नौटियाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम संयोजक डॉ. संजय मेहर ने किया।
कार्यक्रम की फोटोग्राफी पत्रकारिता विभाग के टेक्निकल फोटोग्राफर विशाल त्यागी ने की।
इस अवसर पर डॉ. आशा डोभाल, डॉ. सुशील कुमार कगड़ियाल, डॉ. भारती जायसवाल, डॉ. नेतराम, डॉ. इमरान अली, डॉ. अंकिता रावत, डॉ. रंजीता जौहरी, सोनिया सैनी, वर्षा, मनोज भूषण, शिशुपाल रावत, राकेश जोगी, अजय पुंडीर, अनूप नेगी, रमेश पुंडीर सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




