कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)। मुख्यमंत्री के आह्वान पर आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड—एक विकसित राज्य हेतु मेरा दृष्टिकोण’ विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कर्णप्रयाग की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा कु. अनुष्का भंडारी का चयन कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री से भेंट के लिए हुआ है।
अनुष्का भंडारी के चयन पर विद्यालय की प्रधानाचार्य संगीता बिजल्वाण सहित समस्त शिक्षिकाओं ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास तथा प्रदेश के विकास के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं।

इसी क्रम में विद्यालय के विधिक साक्षरता क्लब के तत्वावधान में एक दिवसीय विधिक सेवा शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में सीनियर सिविल जज एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चमोली, पुनीत कुमार ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण तथा पॉक्सो अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को अपने कानूनी अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, थाना कर्णप्रयाग के सब-इंस्पेक्टर दिनेश पंवार ने छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव, ऑनलाइन सुरक्षा तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।




