उत्तराखंडयूथशिक्षासामाजिक

कर्णप्रयाग महाविद्यालय में राजनीति विज्ञान विभागीय परिषद का गठन

कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग के राजनीति विज्ञान विभाग में शुक्रवार, 30 अक्टूबर को विभागीय परिषद का गठन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और विभिन्न पदों के लिए पदाधिकारियों का चयन किया गया।

परिषद में एमए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा प्रियंका को अध्यक्ष, गुनगुन को उपाध्यक्ष, पूजा को सचिव, निखिल नेगी को सह-सचिव तथा मनीष को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। परिषद के गठन का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग, लोकतांत्रिक मूल्यों और संगठनात्मक कौशल का विकास करना है।

इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. कविता पाठक ने कहा कि विभागीय परिषद विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने, सामूहिक निर्णय लेने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का व्यावहारिक अवसर प्रदान करती है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विभागीय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अनुशासन, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामूहिक निर्णय प्रक्रिया और दायित्वों के प्रभावी निर्वहन के महत्व से भी परिचित कराया गया। इस अवसर पर राजनीति विज्ञान के प्राध्यापक डॉ. मदन लाल शर्मा, कीर्तिराम डंगवाल सहित विभाग के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button