कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत—विकसित भारत 2047’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए वर्ष 2047 के विकसित भारत की अपनी कल्पना को निबंधों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।
विद्यार्थियों ने महिला सुरक्षा, ग्रामीण विकास, शिक्षा, रोजगार, आत्मनिर्भरता, विज्ञान एवं तकनीकी विकास, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने ऐसे भारत की परिकल्पना की, जहां महिलाओं को सुरक्षित वातावरण, युवाओं को पर्याप्त रोजगार के अवसर तथा गांवों को समग्र विकास की सुविधाएं उपलब्ध हों। साथ ही शिक्षा, विज्ञान और तकनीकी क्षेत्र में भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
प्रतियोगिता के परिणाम में बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा ईशा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर की छात्रा चंदा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं बी.एससी. पंचम सेमेस्टर की छात्रा मेघा और बी.ए. तृतीय सेमेस्टर की छात्रा चांदनी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और विकसित भारत के लक्ष्य के प्रति जागरूकता की भावना को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आर.ए. सिंह के संरक्षण में रोवर-रेंजर, एनएसएस, एनसीसी एवं रेड क्रॉस के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।




