Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथशिक्षासामाजिकस्पोर्ट्सस्वास्थ्य

श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय का खेल कैलेंडर जारी, 6 अक्टूबर से शुरू होंगी अंतरमहाविद्यालयी प्रतियोगिताएं

ऋषिकेश(अंकित तिवारी)। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए अंतरमहाविद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं का कैलेंडर जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय की क्रीड़ा परिषद की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के तहत 6 अक्टूबर से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन शुरू होगा। विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों एवं संस्थानों के प्रतिभावान खिलाड़ी इन प्रतियोगिताओं में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन की अध्यक्षता में आयोजित क्रीड़ा परिषद की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार 11 खेलों की अंतरमहाविद्यालयी प्रतियोगिताएं विभिन्न आयोजक केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी।
कैलेंडर के अनुसार शतरंज प्रतियोगिता 6 एवं 7 अक्टूबर को ओआईएमटी संस्थान, टिहरी गढ़वाल में होगी। पंजीकरण की अंतिम तिथि 3 अक्टूबर है। वॉलीबॉल महिला एवं पुरुष प्रतियोगिता 9 एवं 10 अक्टूबर को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मालदेवता, देहरादून में आयोजित होगी, जिसके लिए 5 अक्टूबर तक पंजीकरण कराया जा सकेगा।
कबड्डी महिला एवं पुरुष प्रतियोगिता 13 एवं 14 अक्टूबर को सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय (पीजी) कॉलेज, साहिया, देहरादून में होगी। प्रतियोगिता में अधिकतम 85 किलोग्राम वजन सीमा निर्धारित की गई है और पंजीकरण की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर है। टेबल टेनिस प्रतियोगिता 16 एवं 17 अक्टूबर को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नई टिहरी में होगी, जिसके लिए 10 अक्टूबर तक पंजीकरण किया जा सकेगा।
इसी क्रम में एथलेटिक्स प्रतियोगिता 30 एवं 31 अक्टूबर को एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, हरिद्वार में आयोजित होगी। इसके लिए 25 अक्टूबर तक पंजीकरण होगा। क्रिकेट पुरुष प्रतियोगिता 3 से 7 नवंबर तक आईटीएम कॉलेज, देहरादून में होगी और पंजीकरण की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
बैडमिंटन महिला एवं पुरुष प्रतियोगिता 13 एवं 14 नवंबर को ओआईएमटी संस्थान, टिहरी गढ़वाल तथा फुटबॉल पुरुष प्रतियोगिता 18 एवं 19 नवंबर को पंडित ललित मोहन शर्मा श्रीदेव सुमन परिसर, ऋषिकेश में आयोजित होगी। दोनों प्रतियोगिताओं के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 नवंबर है।
इसके बाद योग महिला एवं पुरुष प्रतियोगिता 26 एवं 27 नवंबर को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में होगी। इसके लिए 20 नवंबर तक पंजीकरण कराया जा सकेगा। कुश्ती महिला एवं पुरुष प्रतियोगिता 1 एवं 2 दिसंबर को सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज, देहरादून में होगी, जिसकी अंतिम तिथि 25 नवंबर है। खो-खो महिला एवं पुरुष प्रतियोगिता 4 एवं 5 दिसंबर को एसएमजेएन कॉलेज, हरिद्वार में आयोजित होगी और इसके लिए 28 नवंबर तक पंजीकरण किया जा सकेगा।

प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
क्रीड़ा परिषद के सचिव पुष्कर गौड़ ने कहा कि विश्वविद्यालय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। अंतरमहाविद्यालयी प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।
कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों एवं आयोजक महाविद्यालयों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय खेलों के क्षेत्र में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विश्वविद्यालय ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों एवं संस्थानों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित आयोजक महाविद्यालयों से संपर्क कर टीमों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रतियोगिता शुरू होने से एक दिन पूर्व शाम चार बजे तक खिलाड़ियों का आयोजन स्थल पर पहुंचना आवश्यक होगा। प्रतिभागियों को शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की मूल प्रति एवं छायाप्रति के साथ चिकित्सा प्रमाणपत्र भी लाना होगा। सभी टीमों को एआईयू द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button