Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथशिक्षासामाजिक

कर्णप्रयाग महाविद्यालय में एनसीसी नवप्रवेशित कैडेट्स का हुआ भव्य स्वागत

सूरज सिंह बने मिस्टर फ्रेशर और सरिता मिस फ्रेशर

कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग की 13 एसडी प्लाटून एनसीसी के नवप्रवेशित कैडेट्स के स्वागत में उत्साह और उमंग से भरपूर फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए कैडेट्स को वरिष्ठ कैडेट्स से परिचित कराने के साथ उनमें अनुशासन, सौहार्द, नेतृत्व एवं टीम भावना का विकास करना रहा।


फ्रेशर्स पार्टी के दौरान वरिष्ठ कैडेट्स ने नवप्रवेशित कैडेट्स के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित कीं। नृत्य, गायन, म्यूजिकल चेयर सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी प्रतिभा एवं आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। पूरे कार्यक्रम में कैडेट्स की ऊर्जा और उत्साह देखते ही बना।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘मिस्टर फ्रेशर’ एवं ‘मिस फ्रेशर’ का चयन रहा। विभिन्न गतिविधियों में कैडेट्स के प्रदर्शन के आधार पर कैडेट सूरज सिंह को मिस्टर फ्रेशर तथा कैडेट सरिता को मिस फ्रेशर चुना गया। विजेताओं को बधाई देते हुए महाविद्यालय परिवार एवं साथी कैडेट्स ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. राम अवतार सिंह ने नवप्रवेशित कैडेट्स का एनसीसी परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कैडेट्स से एनसीसी की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने तथा संगठन द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।


कार्यक्रम में एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट नरेन्द्र पंघाल एवं उनकी पत्नी श्रीमती क्षिप्रा भी उपस्थित रहीं। लेफ्टिनेंट नरेन्द्र पंघाल ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी केवल सह-पाठ्यक्रम गतिविधि नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके माध्यम से कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना और जिम्मेदारी जैसे गुण विकसित होते हैं।
उन्होंने एनसीसी के विभिन्न शिविरों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इन गतिविधियों से कैडेट्स को नए अनुभव प्राप्त करने और अपनी क्षमताओं को पहचानने का अवसर मिलता है। उन्होंने नवप्रवेशित कैडेट्स से एनसीसी की गतिविधियों में पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम ने नवप्रवेशित एवं वरिष्ठ कैडेट्स के बीच आत्मीयता और सौहार्द को मजबूत करने के साथ एनसीसी की भावना को भी नई ऊर्जा प्रदान की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button