Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशयूथशिक्षासामाजिक

शोध और अकादमिक उत्कृष्टता में डोईवाला महाविद्यालय का बढ़ा गौरव, दो प्राध्यापक राज्यस्तरीय सम्मानों से सम्मानित

डॉ. विजय प्रकाश सेमवाल को रिसर्च एक्सीलेंस अवार्ड-2026, डॉ. शिव कुमार लाल को टीचर ऑफ द ईयर अवार्ड-2026

डोईवाला(अंकित तिवारी)। शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला के दो प्राध्यापकों ने शोध, विज्ञान, शिक्षा एवं अकादमिक क्षेत्र में अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों से महाविद्यालय का मान बढ़ाया है। महाविद्यालय के जन्तु विज्ञान विभाग के डॉ. विजय प्रकाश सेमवाल तथा अर्थशास्त्र विभाग के डॉ. शिव कुमार लाल को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं शोध योगदान के लिए प्रतिष्ठित राज्यस्तरीय सम्मानों से सम्मानित किया गया है। दोनों प्राध्यापकों की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है।

महाविद्यालय के जन्तु विज्ञान विभाग में कार्यरत डॉ. विजय प्रकाश सेमवाल को उत्तराखंड काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी (यूकॉस्ट), देहरादून की ओर से Research Excellence Award–2026 प्रदान किया गया। डॉ. सेमवाल विगत लगभग 25 वर्षों से शोध एवं वैज्ञानिक अध्ययन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनके 25 से अधिक शोधपत्र प्रकाशित हो चुके हैं तथा वे तीन पुस्तकों का लेखन भी कर चुके हैं। उनका शोध मुख्य रूप से हिमालयी नदियों, जलीय जैव विविधता, मत्स्य संरक्षण एवं पर्यावरणीय अध्ययन पर केंद्रित है। विशेष रूप से स्वर्ण महाशीर मछली के संरक्षण तथा जलीय जैव विविधता के अध्ययन में आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग की संभावनाओं पर उनका कार्य उल्लेखनीय है।

 

वहीं, महाविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग में कार्यरत डॉ. शिव कुमार लाल को शिक्षा, शोध, अकादमिक नवाचार एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए 9th Teacher of the Year Award–2026 से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान सातवें Dehradun International Science and Technology Festival–2026 के अंतर्गत आयोजित उच्च शिक्षा सम्मेलन में प्रदान किया गया। डॉ. लाल के 11 शोधपत्र स्कोपस इंडेक्स्ड एवं पीयर-रिव्यू शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त, वे चार पुस्तकों में योगदान दे चुके हैं और 40 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में सहभागिता कर चुके हैं। उनका शोध कार्य पर्यटन, अर्थव्यवस्था, पर्यावरण, सतत विकास एवं शिक्षा जैसे समसामयिक विषयों पर केंद्रित है।

दोनों प्राध्यापकों की यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत शैक्षणिक प्रतिबद्धता, शोध के प्रति समर्पण और अकादमिक उत्कृष्टता का प्रमाण है, बल्कि उच्च शिक्षा संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शोध एवं नवाचार की बढ़ती भूमिका को भी रेखांकित करती है।

प्राध्यापकों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य, समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दोनों प्राध्यापकों का सम्मान महाविद्यालय के साथ-साथ उत्तराखंड के उच्च शिक्षा एवं शोध जगत के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button