Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशयूथशिक्षासामाजिक

भारतीय दर्शन और ज्ञान परंपरा पर ‘भारतीय बौद्धिक ज्ञान कुंभ परीक्षा 2.0’ आयोजित, 107 विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग

कर्णप्रयाग महाविद्यालय में प्राचीन भारतीय ज्ञान-विज्ञान एवं दर्शन से जुड़े विषयों पर हुई परीक्षा

कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान एवं नॉलेज पार्टनर के रूप में भारतीय ज्ञान प्रणाली विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय ज्ञान परंपरा आधारित ‘भारत बौद्धिक परीक्षा 2.0’ का सफल आयोजन किया गया। परीक्षा में महाविद्यालय के 107 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

परीक्षा का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुरूप विद्यार्थियों को प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा, दर्शन, विज्ञान एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक करना तथा भारतीय बौद्धिक परंपरा के व्यापक स्वरूप से परिचित कराना रहा।

परीक्षा में भारतीय काल दर्शन, तत्व से ब्रह्मांड तक, संख्या मान, भारतीय आरोग्य ज्ञान, प्रकृति और चेतना, वैदिक गणित, भारतीय चिकित्सा एवं शल्य चिकित्सा, अन्न उद्योग, राजधर्म, दर्शन, नगर नियोजन एवं भारतीय वास्तुकला, भारतीय लोक प्रशासन परंपरा, भारतीय भाषा विज्ञान, गुरुकुल एवं वैदिक परंपरा सहित विभिन्न विषयों को शामिल किया गया। परीक्षा में कुल 100 अंकों के प्रश्न पूछे गए, जिनमें बहुविकल्पीय, अभिकथन-कारण तथा वर्णनात्मक प्रश्न शामिल थे।

परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एवं प्रांतीय स्तर पर नगद पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

परीक्षा संपन्न होने के पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर राम अवतार सिंह ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की परीक्षाएं प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा को समझने के साथ ही विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में ज्ञान-विज्ञान, दर्शन, चिकित्सा और सामाजिक व्यवस्था से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण आयाम समाहित हैं, जिनसे नई पीढ़ी को परिचित होना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि गत वर्ष भी महाविद्यालय में इस परीक्षा का आयोजन किया गया था। उस दौरान महाविद्यालय की छात्रा प्रियंका ने राष्ट्रीय स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया था। उन्हें प्रमाण पत्र एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया था।

परीक्षा के नोडल अधिकारी डॉ. आर.सी. भट्ट ने परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय के प्राध्यापकों और प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। परीक्षा के आयोजन में डॉ. पूनम तोमर, डॉ. विनोद चन्द्र, डॉ. कृष्ण चन्द्र, उमेश पुरोहित, आर.के. पुरोहित एवं गबर सिंह ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button