ऋषिकेश(अंकित तिवारी)। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश ने शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों को नई ऊंचाई प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। परिसर और हिमाचल प्रदेश के पालमपुर स्थित प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थान CSIR–Institute of Himalayan Bioresource Technology (CSIR-IHBT) के बीच शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया गया है। इस समझौते से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए उच्चस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों के अध्ययन और अनुसंधान के नए अवसर खुलेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन से हुई यह पहल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक एवं अनुसंधानपरक अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
एमओयू के तहत श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के ऋषिकेश परिसर के विद्यार्थियों को CSIR-IHBT पालमपुर में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इसके माध्यम से विद्यार्थी आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों, प्रयोगशाला तकनीकों और अनुसंधान की उन्नत प्रक्रियाओं से रूबरू हो सकेंगे। विशेष रूप से माइक्रोबायोलॉजी के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित अनुसंधान संस्थान में कार्य करने तथा अपने विषय से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान अर्जित करने का अवसर मिलेगा।
इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक समझौते में CSIR-IHBT पालमपुर के निदेशक डॉ. सुदेश कुमार यादव तथा श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश के निदेशक प्रो. एम.एस. रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के IQAC निदेशक प्रो. गुलशन कुमार ढींगरा, संयुक्त निदेशक IQAC डॉ. गौरव वार्ष्णेय तथा उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. हेमंत बिष्ट उपस्थित रहे। वहीं, CSIR-IHBT की ओर से प्रधान वैज्ञानिक डॉ. अमित चावला एवं डॉ. सुखनिंदर सिंह भी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि CSIR-IHBT पालमपुर जैव संसाधनों, जैव प्रौद्योगिकी एवं विभिन्न वैज्ञानिक क्षेत्रों में अनुसंधान और विकास के लिए देश का प्रतिष्ठित संस्थान है। यहां एग्रोटेक्नोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, केमिकल टेक्नोलॉजी, डायटेटिक्स एवं न्यूट्रिशन टेक्नोलॉजी, एनवायरनमेंटल टेक्नोलॉजी तथा फर्मेंटेशन एवं फाइटोफार्मिंग टेक्नोलॉजी सहित छह प्रमुख विभागों में शोध एवं वैज्ञानिक गतिविधियां संचालित की जाती हैं।
इस एमओयू से दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक सहयोग, वैज्ञानिक अनुसंधान, कौशल विकास और ज्ञान के आदान-प्रदान को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही विद्यार्थियों को कक्षा की सैद्धांतिक पढ़ाई से आगे बढ़कर वास्तविक प्रयोगशाला परिस्थितियों में सीखने और शोध की बारीकियों को समझने का अवसर प्राप्त होगा।
परिसर के निदेशक प्रो. एम.एस. रावत ने इस समझौते को विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। वहीं, IQAC निदेशक प्रो. गुलशन कुमार ढींगरा ने कहा कि इस प्रकार के संस्थागत समझौते विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, शोध अभिरुचि और तकनीकी दक्षता विकसित करने के साथ ही उन्हें भविष्य की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक चुनौतियों के लिए तैयार करने में सहायक सिद्ध होगी।







