कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं ऑनलाइन पंजीकरण का प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं को स्व-गणना की ऑनलाइन प्रक्रिया, उसके उद्देश्य, महत्त्व और विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला में महाविद्यालय के स्व-गणना नोडल अधिकारी डॉ. मदन शर्मा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए स्व-गणना की अवधारणा एवं उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्व-गणना एक महत्त्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से व्यक्ति स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी आवश्यक जानकारी दर्ज कर सकता है। उन्होंने प्रक्रिया के विभिन्न चरणों को विस्तारपूर्वक समझाते हुए कहा कि निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सही एवं प्रमाणिक जानकारी दर्ज करना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने ऑनलाइन पंजीकरण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और तकनीकी पहलुओं की जानकारी भी साझा की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. राम अवतार सिंह ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में इस प्रकार की कार्यशालाएँ शैक्षणिक समुदाय को नई प्रक्रियाओं एवं डिजिटल माध्यमों के प्रति जागरूक बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं से स्व-गणना की प्रक्रिया को गंभीरता से समझने तथा इससे संबंधित जानकारी का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया।
कार्यशाला में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यशाला का उद्देश्य स्व-गणना की ऑनलाइन प्रक्रिया को सरलता से समझाना तथा सभी संबंधित प्रतिभागियों को इसके लिए आवश्यक जानकारी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना रहा।






