ऋषिकेश(अंकित तिवारी)। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश के वनस्पति विज्ञान विभाग के पीएचडी शोधार्थी सौरभ रावत ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), नई दिल्ली में आयोजित पांच दिवसीय हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग कम वर्कशॉप की प्रशिक्षणोत्तर मूल्यांकन परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय एवं परिसर में हर्ष का माहौल है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 17 से 21 नवंबर 2026 तक जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन आयुर्वेद एंड सिस्टम्स मेडिसिन के तत्वावधान में आयोजित किया गया। इसमें कैंसर बायोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी एवं बायोटेक्नोलॉजी से संबंधित आधुनिक प्रयोगात्मक तकनीकों, प्रयोगशाला विधियों और अनुसंधान की व्यावहारिक प्रक्रियाओं पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही आयुर्वेदिक अनुसंधान में विभिन्न पशु मॉडल्स के वैज्ञानिक उपयोग एवं अनुप्रयोगों की जानकारी भी प्रदान की गई।
सौरभ रावत वर्तमान में श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर के वनस्पति विज्ञान विभाग में पीएचडी शोधार्थी हैं। वह जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लाइफ साइंसेज में प्रो. राणा प्रताप सिंह के सह-निर्देशन में कैंसर बायोलॉजी प्रयोगशाला में शोध कार्य कर रहे हैं। उनके शोध का प्रमुख विषय औषधीय पौधों की कैंसररोधी क्षमता तथा उनके संभावित वैज्ञानिक एवं चिकित्सकीय अनुप्रयोगों का अध्ययन है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आधुनिक प्रयोगशाला तकनीकों, विभिन्न प्रयोगात्मक प्रक्रियाओं एवं अंतर्विषयी अनुसंधान पद्धतियों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से जैव-चिकित्सा अनुसंधान, पशु मॉडल्स के उपयोग तथा पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान को आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ जोड़ने की संभावनाओं को समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के समापन एवं प्रमाणपत्र वितरण समारोह में नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन (एनआईएफ), विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के निदेशक एवं मुख्य नवाचार अधिकारी डॉ. विपिन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में प्रो. राणा प्रताप सिंह, कुलपति, गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय; प्रो. रूपेश चतुर्वेदी, डीन, स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी, जेएनयू तथा प्रो. प्रवीण वर्मा, प्रोफेसर, स्कूल ऑफ लाइफ साइंसेज, जेएनयू सहित अनेक शिक्षाविद एवं विशेषज्ञ मौजूद रहे। इस दौरान सौरभ रावत के उत्कृष्ट प्रदर्शन की अतिथियों ने सराहना की।
सौरभ के पीएचडी शोध निर्देशक एवं श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर प्रो. गुलशन कुमार धींगरा ने उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने जेएनयू में प्रो. राणा प्रताप सिंह के सह-निर्देशन में कैंसर बायोलॉजी के क्षेत्र में किए जा रहे उनके शोध कार्य की जानकारी देते हुए कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रम शोधार्थियों की वैज्ञानिक दक्षता, प्रयोगात्मक कौशल एवं अनुसंधान क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस उपलब्धि पर श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन, पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर के परिसर निदेशक प्रो. एम.एस. रावत तथा विज्ञान संकाय के डीन प्रो. एस.पी. सती ने सौरभ रावत को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश के प्रतिष्ठित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम की मूल्यांकन परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करना विश्वविद्यालय एवं परिसर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सौरभ भविष्य में भी अपने शोध एवं अकादमिक उपलब्धियों से विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।




