कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में शुक्रवार को अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने, छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान, उनकी सुरक्षा तथा आधारभूत सुविधाओं के विकास सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से पीटीए की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया।
नई कार्यकारिणी में मातवर सिंह तोपाल को अध्यक्ष, जोगेंद्र सिंह को उपाध्यक्ष तथा शिवानी को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह को संरक्षक, डॉ. कीर्तिराम डंगवाल को सचिव तथा डॉ. कमल किशोर द्विवेदी को सह-सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए पीटीए सचिव डॉ. कीर्तिराम डंगवाल ने महाविद्यालय की गतिविधियों एवं उपलब्धियों से संबंधित विस्तृत आख्या प्रस्तुत की। बैठक को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने विद्यार्थियों को अध्ययन के दौरान आने वाली समस्याओं से अभिभावकों को अवगत कराया। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं की सुरक्षा, शैक्षणिक सुविधाओं और महाविद्यालय में सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों और शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मातवर सिंह तोपाल ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए इस दिशा में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि पीटीए महाविद्यालय और अभिभावकों के बीच एक प्रभावी सेतु के रूप में कार्य कर सकता है। पूर्व अध्यक्ष लखपत सगोई ने छात्र-छात्राओं की यूनिफॉर्म से संबंधित विषय पर अपने विचार रखते हुए अनुशासन और महाविद्यालय की सकारात्मक पहचान बनाए रखने पर बल दिया।
बैठक में उपस्थित अभिभावकों एवं शिक्षकों ने महाविद्यालय के रखरखाव, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, शैक्षणिक सुविधाओं तथा आधारभूत संरचना के विकास से जुड़े सुझाव प्रस्तुत किए। सभी ने विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए अभिभावकों और शिक्षकों के बीच नियमित संवाद एवं समन्वय बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की।
इस अवसर पर छात्रसंघ अध्यक्ष सुनील सिंह सहित डॉ. मदन लाल शर्मा, जगदीश प्रसाद, सरिता मनराल, पूनम थपलियाल, अनूप कंडारी, पवन भंडारी, गिरीश रावत, शुभम बद्रीश आदि उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने विद्यार्थियों के हितों की रक्षा, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और महाविद्यालय के समग्र विकास के लिए सामूहिक सहभागिता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।





