Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथशिक्षासामाजिकस्पोर्ट्सस्वास्थ्य

अंतर विश्वविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए जींद रवाना हुई श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय की टीम

साहिया कॉलेज के सात खिलाड़ियों सहित 13 सदस्यीय टीम करेगी विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व, पदक जीतने पर नजर

देहरादून(अंकित तिवारी)। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय, टिहरी गढ़वाल की कबड्डी बालक वर्ग की टीम अंतर विश्वविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए मंगलवार को हरियाणा के जींद के लिए रवाना हुई। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद में 25 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की टीम अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करेगी।

विश्वविद्यालय की 13 सदस्यीय टीम में सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय पीजी कॉलेज, साहिया के सात खिलाड़ियों का चयन हुआ है। टीम की कमान रोहित नेगी को सौंपी गई है, जबकि राहुल सिंह तोमर उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगे। साहिया कॉलेज के सात खिलाड़ियों की भागीदारी को क्षेत्र और महाविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

टीम में रोहित नेगी, राहुल सिंह तोमर, गोविन्द चौहान, नीरज तोमर, विकेश सिंह चौहान, प्रियांशु सिंह चौहान और वंश नेगी (सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय पीजी कॉलेज, साहिया), कृष सजवाण एवं आयुष बगियाल (पंडित ललित मोहन शर्मा विश्वविद्यालय परिसर, ऋषिकेश), आयुष राज (तुला इंस्टीट्यूट, देहरादून), अंश लोहान (राजा महेंद्र प्रताप पीजी कॉलेज, गुरुकुल नारसन), अरुण भारती (श्री गुलाब सिंह राजकीय महाविद्यालय, चकराता) तथा सचिन नेगी (वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डाकपत्थर) शामिल हैं।

टीम के साथ कोच अंकित शर्मा और टीम मैनेजर अनिल सिंह तोमर भी रवाना हुए हैं। दोनों प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे और टीम के बेहतर प्रदर्शन के लिए रणनीतिक सहयोग प्रदान करेंगे।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अम्बरीश कुमार महाजन ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ी पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम बेहतर प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल करेगी और विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेगी।

वहीं, विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सचिव पुष्कर गौड़ ने टीम को रवाना करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button