कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग के राजनीति विज्ञान विभाग में गुरुवार को संविधान दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर भारतीय संविधान के निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर की भूमिका विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने संविधान निर्माण में डॉ. अंबेडकर के योगदान, उनके विचारों तथा सामाजिक न्याय, समानता और स्वतंत्रता के सिद्धांतों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक करना था। प्रतियोगिता में सुनील ने प्रथम, अंकित ने द्वितीय तथा महक अंसारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में डॉ. मिश्रा एवं डॉ. चंद्रमोहन जनस्वाण ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. कविता पाठक ने विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत के लोकतांत्रिक और सामाजिक जीवन का आधार है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए संविधान के प्रति सम्मान, नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। निर्णायक मंडल के सदस्यों ने भी अपने विचार साझा करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. कीर्तिराम डंगवाल ने किया। अंत में डॉ. मदन लाल शर्मा ने अतिथियों, निर्णायकों, प्राध्यापकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






