डोईवाला: जनपद देहरादून के विकासखंड रायपुर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में कार्यरत प्रधानाध्यापक अरविन्द सोलंकी का चयन भी उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान 2022 (टीचर्स ऑफ द ईयर) के लिये हुआ है।
अरविन्द सोलंकी अपने कार्यों के प्रति पूरी तरह से समर्पित हैं और इससे पूर्व भी उन्हें 2018 में गवर्नर अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2022 में जनपद स्तर पर स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार से सम्मानित होने वाला उनका विद्यालय पूरे जनपद में एकमात्र राजकीय प्राथमिक विद्यालय था। 15 अप्रैल 2017 को प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यभार ग्रहण करने पश्चात अरविन्द सोलंकी ने सबसे पहले विद्यालय में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए कार्य किया। जो छात्र संख्या वर्ष 2017 में मात्र 61 थी वह उनके तथा सहयोगी शिक्षकों के अथक प्रयास से बढ़कर 2022 में 157 हो गयी। साथ ही उन्होंने विद्यालय के लिए भौतिक संसाधन जुटाने का भी कार्य किया। उनके विद्यालय के छात्र विभिन्न संस्थाओं द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करते आ रहे हैं।
प्रधानाध्यापक अरविन्द सोलंकी द्वारा विद्यालय में अपने संसाधनों से एक स्मार्ट टीवी लगाया गया है जिसका उपयोग छात्रों को ऑडियो विजुअल माध्यम से शिक्षक के लिए किया जा रहा है, जिसका छात्रों को बहुत लाभ मिल रहा है। साथ ही उनके द्वारा विद्यालय में ब्रॉडबैंड कनेक्शन भी लगाया गया है जिसके माध्यम से स्मार्ट टीवी पर छात्रों को पठन-पाठन करवाया जा रहा है। विद्यालय में आईसीटी के अनुप्रयोग के लिए उन्हें वर्ष 2021 तथा 2022 में लगातार डायट देहरादून द्वारा आईसीटी अभिनव प्रयोग सम्मान भी प्रदान किया गया है।