Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशपर्यटनमनोरंजनयूथशिक्षासामाजिक

प्रकृति की कलम को मिला सम्मान — डॉ. इंद्रेश पांडेय ‘लेखक श्री’ से सम्मानित

देहरादून(अंकित तिवारी)। उत्तराखंड की समृद्ध वनस्पति, पर्यावरण संरक्षण और लोक जीवन से जुड़े विषयों पर अपने सशक्त लेखन के लिए विख्यात वनस्पतिशास्त्री डॉ. इंद्रेश कुमार पांडेय को साईं सृजन पटल द्वारा प्रतिष्ठित ‘लेखक श्री सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें उनके उत्कृष्ट लेखन सहयोग और ज्ञानवर्धक योगदान के लिए प्रदान किया गया।

साईं सृजन पटल के कार्यालय में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में संस्थापक प्रो. के.एल. तलवाड़ ने डॉ. पांडेय को सम्मान चिन्ह एवं पत्रिकाओं का विशेष सेट भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर साहित्यिक एवं सृजनात्मक वातावरण में उनके योगदान की सराहना की गई।

वर्तमान में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग (चमोली) में वनस्पति विज्ञान विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्यरत डॉ. पांडेय मूलतः प्रयागराज (इलाहाबाद) के निवासी हैं। उन्होंने उत्तराखंड की जैव विविधता, वन संपदा और स्थानीय उत्पादों पर अपने मौलिक लेखन के माध्यम से एक विशिष्ट पहचान बनाई है।

साईं सृजन पटल मासिक पत्रिका के विभिन्न अंकों में उनके डेढ़ दर्जन से अधिक लेख सचित्र प्रकाशित हो चुके हैं। उनके लेखों में मिलेट्स, चीड़, कौणी, बुरांश, ईको-टूरिज्म, वनाग्नि, बद्री गाय, बुग्याल, हुड़किया बौल, खस, हिमालय दिवस, सीबकथाॅर्न (अमेश), जी.आई. टैग, थुनेर, बिच्छू घास (कंडाली) और पंय्यां जैसे विषयों को सरल और रोचक शैली में प्रस्तुत किया गया है, जिससे पाठकों को ज्ञान के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति और पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी मिलती है।

आगामी अप्रैल अंक में उनका नया लेख ‘लेंटाना’ विषय पर प्रकाशित होने जा रहा है, जो पर्यावरणीय दृष्टि से एक महत्वपूर्ण विषय माना जाता है।

सम्मान प्राप्त करने पर डॉ. पांडेय ने साईं सृजन पटल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “मात्र पौने दो वर्षों में ही यह पत्रिका उत्तराखंड में लेखन और सृजन का एक सशक्त मंच बन चुकी है, जो नए और अनुभवी लेखकों को समान रूप से अवसर प्रदान कर रही है।”

इस अवसर पर उप संपादक अंकित तिवारी, सह संपादक अमन तलवाड़, लेखिका नीलम तलवाड़ तथा इंसाइडी क्रिएटिव मीडिया के सीईओ अक्षत ने भी डॉ. पांडेय को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button