देहरादून(अंकित तिवारी): डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग (चमोली) के वनस्पति विज्ञान विभाग में कार्यरत सहायक प्राध्यापक डॉ. इंद्रेश कुमार पांडेय ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा और कार्यकुशलता से क्षेत्र एवं उत्तराखंड का नाम गौरवान्वित किया है। उन्हें देश के प्रतिष्ठित भारतीय विज्ञान संस्थान, बेंगलुरु के चल्लकेरे परिसर में सम्मानित किया गया।
डॉ. पांडेय को यह सम्मान उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रायोजित 16 दिवसीय “एडवांस रिफ्रेशर कोर्स” के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर उन्हें “बेस्ट परफॉर्मिंग पार्टिसिपेंट” पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य उच्च शिक्षा संस्थानों में कार्यरत प्राध्यापकों को विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम शोध, तकनीकों तथा आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना था। डॉ. पांडेय ने पूरे प्रशिक्षण के दौरान सक्रिय सहभागिता, विषय की गहन समझ तथा प्रभावशाली प्रस्तुति कौशल का परिचय दिया, जिससे उन्होंने विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों के बीच विशेष पहचान बनाई।
डॉ. इंद्रेश पांडेय की इस उपलब्धि पर साईं सृजन पटल के संपादक प्रो. (डॉ.) के. एल. तलवाड़ ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राम अवतार सिंह सहित समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए डॉ. पांडेय को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।




