देहरादून(अंकित तिवारी)। हरिद्वार सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने रविवार को बद्रीपुर स्थित शिव शक्ति मंदिर सामुदायिक भवन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 135वां एपिसोड स्थानीय नागरिकों के साथ देखा और सुना। कार्यक्रम से पूर्व उन्होंने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री ने अपने मासिक संबोधन में पश्चिम एशिया की परिस्थितियों, स्वर्ण खरीदारी, पेट्रोल-डीजल की बचत, प्राकृतिक खेती तथा अन्य समसामयिक विषयों पर देशवासियों से संवाद किया। कार्यक्रम को सुनने के लिए वार्ड-96 नवादा क्षेत्र से बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सांसद त्रिवेन्द्र रावत भी लोगों के बीच बैठकर पूरे कार्यक्रम में सहभागी बने।
कार्यक्रम के उपरांत अपने संबोधन में सांसद त्रिवेन्द्र रावत ने कहा कि ‘मन की बात’ का प्रत्येक एपिसोड देशवासियों को नई ऊर्जा और सकारात्मक प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश के विभिन्न क्षेत्रों से उभर रही प्रेरणादायी सफलता की कहानियों को साझा करते हैं, जिससे दूरस्थ इलाकों में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों की जानकारी पूरे देश तक पहुँचती है और समाज में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने नागरिकों से स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध दोहे “गो-धन, गज-धन, बाजि-धन और रतन-धन खान…” का उल्लेख करते हुए कहा कि गाय का महत्व केवल दूध तक सीमित नहीं है, बल्कि गोमूत्र और गोबर भी औषधीय एवं कृषि की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि इनके गुणों की वैज्ञानिक पुष्टि भी हो चुकी है।
इस अवसर पर सांसद त्रिवेन्द्र रावत ने शिव मंदिर परिसर में एक फलदार पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में वार्ड-96 नवादा के पार्षद वीरेंद्र वालिया ने सांसद का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान मोन्टी वालिया सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।




