टिहरी//चमियाला
अटल उत्कृष्ट पी. एम. श्री राजकीय इंटर कालेज लाटा, चमियाला के छात्र विस्मित कोटनाला ने सी. बी. एस. ई. की इंटरमीडिएट परीक्षा में 500 में से 484 अंक पाकर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
विस्मित कोटनाला ने मानविकी वर्ग में इंटर मीडिएट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छात्र विस्मित कोटनाला ने राजनीति विज्ञान में शत प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। छात्र की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकों, पी. टी. ए. अध्यक्ष, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, सदस्यों और क्षेत्र वासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्र को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
शिक्षक दंपति के पुत्र विस्मित कोटनाला ने बताया कि वे बी. ए. ऑनर्स दिल्ली विश्वविद्यालय से करना चाहते हैं। भविष्य में उनका इरादा प्रशासनिक सेवा अथवा शोध कार्य के क्षेत्र में सेवा करने का है।
ध्यातव्य है कि छात्र विस्मित कोटनाला की माता जी श्रीमती विनीता कोटनाला जी इन्हीं के विद्यालय अटल उत्कृष्ट पी. एम. श्री राजकीय इंटर कालेज लाटा, चमियाला में विज्ञान विषय की शिक्षक हैं और पिता डॉक्टर सुशील कोटनाला जी राजकीय इंटर कालेज दूंगीधार, नई टिहरी में प्रभारी प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत हैं।
छात्र विस्मित कोटनाला के पिता डॉक्टर सुशील कोटनाला जी ने छात्र की इस सफलता का संपूर्ण श्रेय छात्र विस्मित कोटनाला को देते हुए बताया कि छात्र ने सुयोग्य शिक्षकों के मार्गदर्शन में स्वयं के परिश्रम से ही यह उपलब्धि हासिल की है। डॉक्टर कोटनाला जी ने कहा कि छात्र की माता जी चूंकि उसी विद्यालय में कार्यरत है इस कारण छात्र को उनकी माता जी का मार्गदर्शन सतत मिलता रहा है जिससे कि परिणाम सराहनीय रहा है।
शिक्षक दंपति की सुयोग्य संतति विस्मित कोटनाला को समस्त विद्यालय परिवार और क्षेत्र वासियों ने शुभकामनाएं दी हैं।




