Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशयूथशिक्षासामाजिक

संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा को भेंट किया ‘साईं सृजन पटल’ का नवीनतम अंक

देहरादून(अंकित तिवारी)। दून विश्वविद्यालय परिसर स्थित उच्च शिक्षा के क्षेत्रीय कार्यालय में ‘साईं सृजन पटल’ के संस्थापक एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो. के.एल. तलवाड़ ने संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा प्रो. संगीता गुप्ता से भेंट कर पत्रिका के नवीनतम अंक एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले जूट बैग भेंट किए।

इस अवसर पर प्रो. संगीता गुप्ता ने पत्रिका के निरंतर एवं नियमित प्रकाशन के लिए प्रो. तलवाड़ को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि ‘साईं सृजन पटल’ के प्रत्येक अंक में उत्तराखंड के उच्च शिक्षा क्षेत्र से जुड़े प्राध्यापकों के ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी लेखों को प्रमुखता से स्थान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि साहित्य एवं सृजन को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ जूट बैग का वितरण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सराहनीय पहल है।

संयुक्त निदेशक ने सेवानिवृत्ति के बाद भी प्रो. तलवाड़ द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान करने के कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज और शिक्षा के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।

प्रो. तलवाड़ ने बताया कि ‘लेखक और सृजन के लिए सदैव प्रतिबद्ध’ ध्येय वाक्य के साथ ‘साईं सृजन पटल’ के अब तक लगातार 24 अंक प्रकाशित हो चुके हैं। पत्रिका का 25वां अंक प्रकाशनाधीन है, जिसका विमोचन 31 जुलाई को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पत्रिका के प्रत्येक अंक को वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया जाता है, जिससे पाठक इसे ऑनलाइन पढ़ सकते हैं।

इस अवसर पर उप निदेशक प्रो. ममता नेथानी, डॉ. दीपा मेहरा सहित अनेक प्राध्यापक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button