Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशयूथशिक्षासामाजिक

उच्च शिक्षा के क्षेत्रीय कार्यालय में राष्ट्रभक्ति के उत्साह के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

देहरादून(अंकित तिवारी)। देश की आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उच्च शिक्षा के क्षेत्रीय कार्यालय में राष्ट्रभक्ति और उत्साह का वातावरण रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा प्रो. संगीता गुप्ता द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया।

इस अवसर पर संयुक्त निदेशक प्रो. संगीता गुप्ता ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पावन दिवस देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन करने तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की उन्नति में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

कार्यक्रम में प्रभारी निदेशक उच्च शिक्षा प्रो. वी.एन. खाली के संदेश का वाचन करते हुए प्रो. संगीता गुप्ता ने कहा कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले युवाओं की राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका है। उत्तराखंड को ज्ञान, विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाना हम सभी का परम कर्तव्य है।

उप निदेशक प्रो. ममता नैथानी ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश की आजादी वीर सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने सभी से शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने तथा राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय कार्यालय की महिला कर्मियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत किए, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर हो गया। साईं सृजन पटल के संस्थापक एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो. के.एल. तलवाड़ ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में जेन-जी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता का सकारात्मक दिशा में उपयोग सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। साथ ही, युवाओं को दिग्भ्रमित होने से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

प्रो. अनीता राणा ने जेन-जी को संस्कारवान एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने में परिवार की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अच्छे संस्कारों की नींव परिवार से ही पड़ती है। उन्होंने युवाओं को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रहित से जोड़ने पर विशेष बल दिया।

कार्यक्रम में डाॅ. दीपा मेहरा, डाॅ. पूजा कुकरेती, डाॅ. के.पी. चमोली, डाॅ. प्रमोद कुमार, डाॅ. विपिन चन्द्र चौबे, डाॅ. सुदिप्ता कंडारी, डाॅ. शैलेन्द्र कुमार सिंह, डाॅ. कुंवर सिंह, डाॅ. अर्चना नौटियाल, भूपेंद्र रावत, महावीर रावत, विनीता, सुधीर रावत, कुलवीर सिंह, राहुल, बीरेन्द्र रावत, धीरेन्द्र रावत एवं शिव सिंह नेगी सहित क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को स्मरण करने के साथ-साथ युवाओं में राष्ट्र निर्माण, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button