कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)। जी.डी. मेमोरियल जूनियर हाईस्कूल देवतोली-कर्णप्रयाग में देश की आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
समारोह के मुख्य अतिथि मोहन प्रसाद ने विद्यालय प्रांगण में तिरंगा फहराया। राष्ट्रगान के बाद विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। जिन अमर शहीदों के त्याग और बलिदान से देश को स्वतंत्रता प्राप्त हुई, उन्हें सदैव श्रद्धापूर्वक नमन किया जाना चाहिए।
अभिभावक संघ की अध्यक्षा पूनम राणा ने कहा कि देश को विकसित और सशक्त बनाने में प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, संस्कार और जिम्मेदारी के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य आशीष चन्द्र ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाते हैं, जिन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियों से समारोह में उत्साह भर दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक राकेश मोहन, समाजसेवी नवीन पुरोहित, पूर्व सैनिक कमलेश सेमवाल, श्रीमती सेमवाल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।






