डोईवाला(अंकित तिवारी)। स्वतंत्रता दिवस के 80वें पावन अवसर पर साईं सृजन पटल ने शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल करते हुए ‘पुस्तक भेंट सर्वश्रेष्ठ’ अभियान का शुभारंभ किया। साईं कुटीर में आयोजित सादे कार्यक्रम में पटल के संस्थापक एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो. के.एल. तलवाड़ ने अभियान की शुरुआत की।
प्रो. तलवाड़ ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद एवं अध्ययनरत विद्यार्थियों को आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराना है। इसके लिए एक बुक बैंक स्थापित किया गया है, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों से भेंट स्वरूप प्राप्त पुस्तकों को संकलित कर जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. हरीश चंद्र रतूड़ी ने कॉमर्स विषय की पांच नई पुस्तकें उपलब्ध कराईं। ये पुस्तकें आर.के. पुरम, जोगीवाला की मेधावी छात्रा शाम्भवी लोहनी को प्रदान की जाएंगी। शाम्भवी ने वर्तमान शैक्षणिक सत्र में केंद्रीय गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर में बी.कॉम. ऑनर्स में प्रवेश लिया है।
साईं सृजन पटल के अंकित तिवारी एवं सलाहकार मंडल के सभी सदस्यों ने पुस्तकों की भेंट के लिए डॉ. हरीश चंद्र रतूड़ी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुस्तकें केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि किसी विद्यार्थी के भविष्य को दिशा देने का सशक्त साधन भी हैं। ‘पुस्तक भेंट सर्वश्रेष्ठ’ अभियान के माध्यम से पटल का प्रयास है कि उपयोगी पुस्तकें जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंचें और शिक्षा के मार्ग में आर्थिक कठिनाइयां बाधा न बनें।
कार्यक्रम में नीलम तलवाड़, अर्चना लोहनी, वेदांशी रतूड़ी एवं अक्षत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




