डोईवाला(अंकित तिवारी)। साईं सृजन पटल द्वारा संचालित ‘पुस्तक भेंट–सर्वश्रेष्ठ’ अभियान को लगातार जनसहयोग मिल रहा है। इसी क्रम में जी.आर.डी. एकेडमी, निरंजनपुर, देहरादून की सीनियर कॉर्डिनेटर स्वाति भंडारी ने बुक बैंक को कॉमर्स स्ट्रीम की 48 उपयोगी पुस्तकें भेंट कीं। इनमें एकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, इकोनॉमिक्स, इंश्योरेंस और फाइनेंस जैसे विषयों से संबंधित पुस्तकें शामिल हैं।
पुस्तकें भेंट करते हुए स्वाति भंडारी ने कहा कि उत्तरकाशी निवासी स्वर्गीय साईं दास तलवाड़ उनके नाना थे। उनके नाम से स्थापित साईं सृजन पटल के बुक बैंक को पुस्तकें भेंट करना उनके लिए अत्यंत भावुक और प्रसन्नता का अवसर है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग के लिए पुस्तकों का योगदान करना उनके नाना के समाजसेवी व्यक्तित्व को विनम्र श्रद्धांजलि भी है।
बुक बैंक के संस्थापक एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो. के.एल. तलवाड़ ने बताया कि ‘पुस्तक भेंट–सर्वश्रेष्ठ’ अभियान के अंतर्गत इसी वर्ष 15 अगस्त से अब तक विभिन्न विषयों की 300 से अधिक पुस्तकें बुक बैंक में जमा हो चुकी हैं। इन पुस्तकों को पढ़ाई में रुचि रखने वाले जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दो अक्टूबर को डोईवाला महाविद्यालय से विद्यार्थियों को पुस्तकें उपलब्ध कराने की विधिवत शुरुआत की जा चुकी है। अभियान का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा में सहयोग करना है। प्रो. तलवाड़ ने कहा कि उन्हें इस बात की विशेष प्रसन्नता है कि अभियान से लगातार शिक्षाविद, शिक्षक और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एक पुस्तक केवल कागज के पन्नों का संग्रह नहीं होती, बल्कि वह किसी विद्यार्थी के भविष्य को दिशा देने का माध्यम बन सकती है। इसी भावना के साथ बुक बैंक के माध्यम से पुस्तकों को जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर स्वर्गीय साईं दास तलवाड़ की पुत्री सुदेश भंडारी, अध्यापक नीरज कोहली, पूजा भंडारी, नीलम तलवाड़ और जय सिंह रावत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





