Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथशिक्षासामाजिकस्पोर्ट्सस्वास्थ्य

खेल मैदान में दिखा जोश और जज्बा, कर्णप्रयाग महाविद्यालय की 47वीं वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का शुभारंभ

गौचर क्रीड़ा मैदान में छात्र-छात्राओं ने दिखाया दमखम, विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन; दूसरे दिन महाविद्यालय परिसर में होंगी प्रतियोगिताएं

कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग की वर्तमान सत्र की दो दिवसीय 47वीं वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का गुरुवार को गौचर क्रीड़ा मैदान में उत्साह और खेल भावना के साथ शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिताओं का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने क्रीड़ा प्रभारी डॉ. त्रिभुवन चंद्र खाली सहित वरिष्ठ प्राध्यापकों की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. भारती सिंघल, डॉ. जी.सी. डंगवाल, डॉ. कामना लोहानी, डॉ. किरन कुमार पंत, डॉ. सृष्टि बल्लभ मिश्रा, डॉ. मनोहर जोशी एवं डॉ. आर.सी. भट्ट समेत महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

उद्घाटन अवसर पर प्राचार्य ने क्रीड़ा ध्वज फहराया और प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को क्रीड़ा शपथ दिलाई। महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने मार्च पास्ट कर प्राचार्य को सलामी दी। इस दौरान खेल मैदान में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना।

अपने संबोधन में प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग करने और खेल भावना, अनुशासन एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण प्रतिभागिता, अनुशासन और अपनी क्षमता का बेहतर प्रदर्शन करना है।

क्रीड़ा प्रभारी डॉ. त्रिभुवन चंद्र खाली ने दो दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने प्रतिभागियों को खेलों के अधिकृत नियमों का पालन करने तथा अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

दौड़ प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

प्रतियोगिता के प्रथम दिन विभिन्न दौड़ एवं एथलेटिक्स स्पर्धाओं में छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। 100 मीटर छात्र वर्ग में शुभम सिंह प्रथम, अंकुश द्वितीय और विवेक रौथाण तृतीय रहे। 100 मीटर छात्रा वर्ग में सृष्टि ने प्रथम, सोनाली ने द्वितीय और लक्ष्मी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

200 मीटर छात्र वर्ग में शुभम सिंह प्रथम, अंकुश द्वितीय और विवेक रौथाण तृतीय रहे। छात्रा वर्ग में सुहानी प्रथम, गंगा द्वितीय और लक्ष्मी तृतीय स्थान पर रहीं।

400 मीटर छात्र वर्ग में कुणाल सिंह ने प्रथम, सौरभ सिंह ने द्वितीय और आयुष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्रा वर्ग में सृष्टि प्रथम, सोनाली रावत द्वितीय और लक्ष्मी तृतीय रहीं।

800 मीटर छात्र वर्ग में कुणाल प्रथम, सौरभ द्वितीय और आयुष तृतीय रहे, जबकि छात्रा वर्ग में सृष्टि ने प्रथम, स्नेहा ने द्वितीय और साक्षी ने तृतीय स्थान हासिल किया।

1500 मीटर छात्र वर्ग में विनय सिंह प्रथम, अमन कुमार द्वितीय और शुभम सिंह तृतीय रहे। छात्रा वर्ग में साक्षी नेगी प्रथम, सारिका द्वितीय और नेहा तृतीय रहीं।

3000 मीटर छात्रा वर्ग में स्नेहा प्रथम और पूजा द्वितीय रहीं, जबकि साक्षी नेगी और सारिका संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।

5000 मीटर छात्र वर्ग में कुलदीप ने प्रथम, कपिल सिंह ने द्वितीय और पियूष रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

 

एथलेटिक्स की अन्य स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर

गोला फेंक छात्रा वर्ग में हेमलता प्रथम, निहारिका द्वितीय और सिमरन तृतीय रहीं। चक्का फेंक छात्र वर्ग में विवेक रौथाण प्रथम, राहुल कुमार धुनियाल द्वितीय और सोनू तृतीय रहे।

गोला फेंक छात्र वर्ग में अंकित प्रथम, राहुल धुनियाल द्वितीय और रोहित कुमार तृतीय रहे। भाला फेंक छात्रा वर्ग में सिमरन प्रथम, लक्ष्मी द्वितीय और प्रियाशी तृतीय रहीं। छात्र वर्ग में अंकित कुमार प्रथम, नरेंद्र कुमार द्वितीय और वैभव नेगी तृतीय स्थान पर रहे।

ऊंची कूद छात्र वर्ग में कुणाल सिंह प्रथम, दिव्यांशु रावत द्वितीय और सक्षम तृतीय रहे।

लंबी कूद छात्र वर्ग में कुणाल सिंह ने प्रथम, सोनू ने द्वितीय और विवेक रौथाण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्रा वर्ग में सोनाली रावत प्रथम, लक्ष्मी द्वितीय और सुहानी तृतीय रहीं।

इसके अलावा गौचर क्रीड़ा मैदान में 4×100 मीटर रिले दौड़, खो-खो और कबड्डी की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

दूसरे दिन महाविद्यालय परिसर में होंगी प्रतियोगिताएं

प्रतियोगिता के प्रथम दिन की सभी प्रमुख स्पर्धाएं गौचर क्रीड़ा मैदान में संपन्न हुईं। दो दिवसीय प्रतियोगिता के दूसरे दिन की क्रीड़ा स्पर्धाएं महाविद्यालय परिसर में आयोजित की जाएंगी।

क्रीड़ा प्रतियोगिताओं को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने सहयोग प्रदान किया। पूर्व छात्र महावीर रावत ने भी आयोजन में सहयोग किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों, शिक्षकों और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button