Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथशिक्षासामाजिकस्पोर्ट्सस्वास्थ्य

कर्णप्रयाग कॉलेज में अर्थशास्त्र विभागीय परिषद का गठन, निहारिका बनीं अध्यक्ष

भाषण प्रतियोगिता में निहारिका ने मारी बाजी, कविता द्वितीय और पूजा तृतीय स्थान पर रहीं

 

कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानन्द नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में सोमवार को अर्थशास्त्र विभाग की विभागीय परिषद (सत्र 2026-27) का विधिवत गठन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं अभिव्यक्ति कौशल को निखारने के उद्देश्य से भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

परिषद गठन के दौरान बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा सुहानी को कोषाध्यक्ष, हिमानी को सह-सचिव, हेमलता को सचिव तथा पायल को उपाध्यक्ष चुना गया। वहीं, एमए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा निहारिका को परिषद का अध्यक्ष मनोनीत किया गया।

परिषद गठन के उपरांत आयोजित भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने विचारों और वक्तृत्व कला का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में निहारिका ने प्रथम, कविता ने द्वितीय तथा पूजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर अर्थशास्त्र विभाग की प्रभारी प्रो. भारती सिंघल ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि अनुशासन विद्यार्थी जीवन का मूलभूत आधार है। अनुशासन के बिना सफलता प्राप्त करना कठिन है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करते हुए प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. रचना वत्स ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए जीवन में एक निश्चित लक्ष्य निर्धारित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य प्राप्ति तक पूर्ण समर्पण, निरंतरता और मनोयोग के साथ प्रयास करते रहना चाहिए। वहीं, श्री भरत लाल बैरवाण ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने तथा शिक्षा के प्रति सदैव सजग एवं समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति कौशल विकसित करने का अवसर मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button