देहरादून। उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक नई पहल करते हुए समाचार पत्र ‘गढ़वाल गौरव’ के प्रथम अंक का प्रकाशन हो गया है। समाचार पत्र के प्रथम अंक के प्रकाशन के उपलक्ष्य में संपादक वेणीराम उनियाल ने जिला सूचना अधिकारी, देहरादून से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें समाचार पत्र की प्रति भेंट की।
इस अवसर पर संपादक वेणीराम उनियाल ने समाचार पत्र के प्रकाशन के उद्देश्यों, इसकी वैचारिक प्रतिबद्धता और आगामी कार्ययोजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘गढ़वाल गौरव’ केवल समाचारों के प्रकाशन तक सीमित न रहकर उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, लोकजीवन, सामाजिक चेतना और क्षेत्रीय जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। समाचार पत्र के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं, विकास योजनाओं की प्रगति, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार, लोककला, साहित्य और संस्कृति से जुड़े विषयों को भी प्रमुखता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता की भूमिका केवल घटनाओं की जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की वास्तविक समस्याओं को सामने लाने, जनजागरूकता बढ़ाने और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक विमर्श तैयार करने की भी है। इसी दृष्टिकोण को केंद्र में रखकर ‘गढ़वाल गौरव’ के प्रकाशन की शुरुआत की गई है।
समाचार पत्र परिवार की ओर से विश्वास व्यक्त किया गया कि ‘गढ़वाल गौरव’ अपनी निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनोन्मुखी पत्रकारिता के माध्यम से आमजन की आवाज बनेगा। साथ ही समाज और प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत करने, क्षेत्रीय समस्याओं को उचित मंच प्रदान करने तथा उत्तराखंड की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर ‘गढ़वाल गौरव’ परिवार ने पाठकों, शुभचिंतकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के स्नेह, सहयोग और मार्गदर्शन से समाचार पत्र पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने का प्रयास करेगा।




