Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथशिक्षासामाजिक

युवा नेतृत्व से राष्ट्रीय एकता तक, कर्णप्रयाग महाविद्यालय में विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में बिखेरे प्रतिभा के रंग

कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में राजनीति विज्ञान विभागीय परिषद के तत्वावधान में विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए भाषण, पोस्टर निर्माण और समूह नृत्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक अभिरुचि का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित भाषण प्रतियोगिता का विषय ‘राष्ट्र निर्माण में युवा नेतृत्व और राजनीतिक जागरूकता का महत्व’ रखा गया। इसमें विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों, राजनीतिक सहभागिता, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका तथा जागरूक नागरिक के रूप में अपने दायित्वों पर विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता में सुप्रिया रावत ने प्रथम, प्रियंका ने द्वितीय तथा सलोनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

पोस्टर प्रतियोगिता का विषय ‘उत्तर से दक्षिण, पूर्व से पश्चिम : देशभक्ति के रंग, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश’ रहा। विद्यार्थियों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता, क्षेत्रीय परंपराओं, लोकजीवन और राष्ट्रीय एकता की भावना को आकर्षक एवं रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। इसमें महक ने प्रथम, अमीषा ने द्वितीय तथा मोहित ने तृतीय स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण समूह नृत्य प्रतियोगिता रही, जिसका विषय ‘उत्तर से दक्षिण, पूर्व से पश्चिम : एक भारत की संस्कृति की यात्रा’ था। विद्यार्थियों ने देश के विभिन्न क्षेत्रों के लोकनृत्यों एवं सांस्कृतिक परंपराओं की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर भारतीय संस्कृति की विविधता में एकता का संदेश दिया। प्रतियोगिता में रिया, महक, सलोनी, रिया एवं भावना के समूह ने प्रथम, पायल एवं अनामिका के समूह ने द्वितीय तथा लक्ष्मी, अंबिका, मीनाक्षी एवं बीना के समूह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर राम अवतार सिंह ने प्रतियोगिताओं के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनसे विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, रचनात्मकता तथा सामाजिक एवं राजनीतिक जागरूकता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए, जिससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर मिल सकें।

राजनीति विज्ञान विभाग की विभाग प्रभारी डॉ. कविता पाठक ने कहा कि विभागीय परिषद के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही पाठ्यक्रम से संबंधित विषयों को व्यावहारिक रूप में समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा जागरूक नागरिक के रूप में अपने लोकतांत्रिक दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका डॉ. मृगांक मालासी एवं डॉ. पूनम चौहान ने निभाई। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कर परिणाम घोषित किए। विजेताओं की घोषणा एवं पुरस्कार वितरण की प्रक्रिया डॉ. कीर्तिराम डंगवाल द्वारा संपन्न कराई गई। कार्यक्रम का संचालन छात्र अंकित ने किया, जबकि अंत में डॉ. मदन लाल शर्मा ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्राध्यापकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को सफल बनाया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, बल्कि भारतीय लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सांस्कृतिक विविधता के प्रति अपनी समझ एवं प्रतिबद्धता भी प्रदर्शित की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button