Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशशिक्षासामाजिक

‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रथम वर्षगांठ पर देशभक्ति से गूंजा कर्णप्रयाग महाविद्यालय

एनसीसी कैडेट्स की शानदार प्रस्तुतियों ने जगाया राष्ट्रप्रेम, विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा का दिया संदेश

कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)।डॉ. शिवानन्द नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रथम वर्षगांठ देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रगौरव के वातावरण में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स, प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर देशसेवा और राष्ट्रीय एकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम का शुभारम्भ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। राष्ट्रगान की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग उठा और उपस्थित सभी लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना और अधिक प्रबल हो गई।

इस अवसर पर गत वर्ष 7 मई से 10 मई तक संचालित ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित एक विशेष वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री) का प्रदर्शन किया गया। वृत्तचित्र में ऑपरेशन से जुड़े साहस, समर्पण और बलिदान की प्रेरणादायक झलक प्रस्तुत की गई, जिसने विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेट्स के भीतर राष्ट्रसेवा के जज़्बे को नई ऊर्जा प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति विषय पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। एनसीसी कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत समूहगान एवं समूह नृत्य में राष्ट्रप्रेम, एकता और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। विद्यार्थियों की जोशीली प्रस्तुतियों पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।

समापन अवसर पर प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने विद्यार्थियों को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से प्रेरणा लेने का संदेश देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को राष्ट्रहित सर्वोपरि मानते हुए देश की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं से सशस्त्र बलों में शामिल होकर देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम ने न केवल विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना को प्रबल किया, बल्कि राष्ट्रसेवा और अनुशासन के प्रति नई प्रेरणा भी प्रदान की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button