उत्तराखंडयूथशिक्षासामाजिक

कर्णप्रयाग महाविद्यालय में नशा मुक्ति सप्ताह का आगाज़, विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी): डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में शुक्रवार को नशा मुक्ति सप्ताह का शुभारंभ नशामुक्ति की शपथ के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने कहा कि नशा आधुनिक समाज की एक गंभीर समस्या बन चुका है, जो व्यक्ति, परिवार और समाज को आर्थिक, सामाजिक तथा सांस्कृतिक रूप से कमजोर कर रहा है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

महाविद्यालय की नशा मुक्ति इकाई के नोडल अधिकारी डॉ. रविंद्र सिंह नेगी ने कहा कि नशा समाज के लिए एक बुरे सपने के समान है। इसके उन्मूलन के लिए जन-जागरूकता और सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण ही “विकसित भारत 2047” के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करने पर विशेष बल दिया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की नशा मुक्ति इकाई के सदस्य, प्राध्यापकगण, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button