Breakingउत्तराखंडयूथरोजगारशिक्षासामाजिक

डोईवाला महाविद्यालय के इग्नू अध्ययन केंद्र में जून सत्रांत परीक्षा संपन्न, 7568 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा

डोईवाला(अंकित तिवारी)। शहीद दुर्गामल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) अध्ययन केंद्र 31044 की जून 2026 सत्रांत परीक्षा का सफलतापूर्वक समापन हो गया। परीक्षा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुई। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों की सहभागिता के साथ केंद्र ने एक बार फिर क्षेत्र के प्रमुख उच्च शिक्षा केंद्र के रूप में अपनी उपयोगिता सिद्ध की।

अध्ययन केंद्र की समन्वयक डॉ. राखी पंचोला ने बताया कि जून सत्रांत परीक्षा में विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों के कुल 7568 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में भाग लिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी व्यवस्थाएँ इग्नू के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की गईं। परीक्षार्थियों की सुविधा, अनुशासन तथा पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई, जिससे परीक्षा निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सकी।

केंद्र के सह-समन्वयक डॉ. अनिल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जुलाई 2026 सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया 31 जुलाई तक जारी रहेगी। इच्छुक विद्यार्थी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश ले सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय रहते आवेदन करने का आग्रह किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी. पी. भट्ट ने कहा कि डोईवाला स्थित महाविद्यालय की केंद्रीय भौगोलिक स्थिति के कारण देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को इग्नू की दूरस्थ शिक्षा सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि अध्ययन केंद्र उच्च शिक्षा को अधिक सुलभ और समावेशी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

अध्ययन केंद्र के सहायक महेश कुमार ने बताया कि प्रवेश, परीक्षा एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक अध्ययन केंद्र कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

इस अवसर पर बृजमोहन, सुनील नेगी, सविता नेगी, राजेश सिंह सहित अध्ययन केंद्र एवं महाविद्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button