नई दिल्ली(अंकित तिवारी) :
देशभर के पत्रकारों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन और भारतीय पत्रकारिता की भावी दिशा तय करने के उद्देश्य से वॉइस ऑफ मीडिया (VOM) एवं VOM इंटरनेशनल फोरम के संयुक्त तत्वावधान में 27 एवं 28 जुलाई को नई दिल्ली स्थित विश्व युवक केंद्र में दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया जाएगा।
प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक चलने वाले इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों से प्रदेश अध्यक्ष, पदाधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार एवं मीडिया जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियाँ सहभागिता करेंगी। अधिवेशन में पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और मीडिया के समक्ष उभरती चुनौतियों पर व्यापक विमर्श होगा।
अधिवेशन के विभिन्न सत्रों में पत्रकार सुरक्षा कानून, डिजिटल मीडिया की बढ़ती भूमिका, प्रेस की स्वतंत्रता, मीडिया की विश्वसनीयता, पत्रकारों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाएँ, कौशल विकास तथा पत्रकार कल्याण जैसे समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञों एवं वरिष्ठ पत्रकारों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही विभिन्न राज्यों में पत्रकार हितों के लिए किए जा रहे सफल प्रयासों और नवाचारों का भी आदान-प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर पत्रकारों के हितों से जुड़े 30 महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे, जिन्हें भारत सरकार को सौंपा जाएगा। इन प्रस्तावों का उद्देश्य पत्रकारों की समस्याओं, अपेक्षाओं एवं अधिकारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाना है।
वॉइस ऑफ मीडिया एवं VOM इंटरनेशनल फोरम के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप काले तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल म्हस्के ने देशभर से आमंत्रित प्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं पदाधिकारियों से अधिवेशन में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह राष्ट्रीय अधिवेशन पत्रकारों की एकजुटता को नई मजबूती प्रदान करेगा तथा भारतीय पत्रकारिता को सशक्त, उत्तरदायी और भविष्य उन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




