Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथराजनीतिरोजगारस्पोर्ट्स

कर्णप्रयाग महाविद्यालय में एसआईआर पर जागरूकता कार्यशाला, छात्रों को मतदान का दिया संदेश

कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी)। डॉ. शिवानन्द नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के तत्वावधान में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR–Special Intensive Revision) विषय पर जागरूकता कार्यशाला एवं व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, उसके महत्व तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता की भूमिका से अवगत कराना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में मतदाता जागरूकता का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. कविता पाठक ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया, उद्देश्यों तथा मतदाता सूची के अद्यतन में नागरिकों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। डॉ. कामना लोहनी ने युवा मतदाताओं की जिम्मेदारियों और लोकतंत्र में उनकी सक्रिय भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया। वहीं डॉ. मदन लाल शर्मा ने निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने में जनसहभागिता को अत्यंत आवश्यक बताया।

कार्यक्रम में डॉ. दिशा शर्मा सहित महाविद्यालय के अनेक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. कीर्तिराम डंगवाल ने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की भूमिका तथा फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यशाला के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए मतदाता जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button