Breakingउत्तराखंडदेश-विदेशयूथशिक्षासामाजिकस्पोर्ट्सस्वास्थ्य

नशामुक्त युवा–सशक्त युवा का संदेश लेकर कर्णप्रयाग में दौड़े विद्यार्थी

हेल्थ रन एवं हेरिटेज वॉक में युवाओं ने दिया स्वस्थ जीवनशैली और विरासत संरक्षण का संदेश

कर्णप्रयाग (अंकित तिवारी)। भारत के ‘तीन माह संकल्प अभियान’ के अंतर्गत एक अक्टूबर को डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में ‘नशामुक्त युवा’ एवं ‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव’ थीम के तहत हेल्थ रन एवं हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और समाज में नशामुक्त जीवनशैली, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा स्थानीय सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण का संदेश पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह एवं मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न गतिविधियों में भाग लेते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय परिसर से कर्ण मंदिर तथा उमा मंदिर तक हेरिटेज वॉक आयोजित की गई। वॉक में प्रतिभागियों ने क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को करीब से जाना तथा उसके संरक्षण का संदेश दिया। हेरिटेज वॉक के माध्यम से युवाओं को अपनी स्थानीय विरासत, संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया गया।

इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए दो किलोमीटर की हेल्थ रन आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ इसमें प्रतिभाग किया। हेल्थ रन के माध्यम से नियमित शारीरिक गतिविधि, व्यायाम और खेल को जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ और नशामुक्त युवा ही स्वस्थ समाज तथा विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। युवाओं से नशे से दूर रहने तथा योग, खेल, नियमित व्यायाम और सकारात्मक जीवनशैली को अपनाने का आह्वान किया गया। मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने भी युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने स्वास्थ्य एवं भविष्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने “नशामुक्त युवा–सशक्त युवा” और “स्वस्थ युवा–विकसित भारत” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। आयोजन के माध्यम से युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपनी स्थानीय सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के प्रति भी जिम्मेदार बनाने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. महेंद्र जोशी, डॉ. कविता पाठक, डॉ. इंद्रेश कुमार पांडेय, डॉ. दिशा शर्मा, डॉ. कीर्तिराम डंगवाल, डॉ. मदन लाल शर्मा, डॉ. चंद्रमोहन जंसवाण एवं डॉ. रविंद्र सिंह नेगी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नेहा तिवारी एवं श्रीमती प्रमिला ने भी कार्यक्रम में सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।

हेल्थ रन एवं हेरिटेज वॉक के माध्यम से स्वास्थ्य, नशामुक्ति और विरासत संरक्षण को एक साथ जोड़ते हुए युवाओं को सकारात्मक एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button