उत्तराखंडयूथशिक्षासामाजिक

कल्जीखाल कॉलेज में अखिल भारतीय शिक्षा समागम के तहत रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन

कल्जीखाल (अंकित तिवारी)। राजकीय महाविद्यालय कल्जीखाल में अखिल भारतीय शिक्षा समागम (ABSS)-2026 के अंतर्गत विद्यार्थियों की सृजनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए शिक्षा, नवाचार, कौशल विकास, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण जैसे समसामयिक विषयों पर अपनी कल्पनाशीलता और विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. शोभा रावत ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ ही उन्हें भविष्य की शिक्षा, नवाचार, कौशल और विकसित भारत की संकल्पना से जोड़ना रहा। प्रतियोगिताओं के अंतर्गत डिजिटल पोस्टर प्रतियोगिता, नीति-विचार प्रतियोगिता एवं कविता लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गईं।

डिजिटल पोस्टर प्रतियोगिता का विषय “Education to 2047 – शिक्षा @2047 : विकसित भारत की दिशा में” रखा गया। विद्यार्थियों ने डिजिटल माध्यमों का रचनात्मक उपयोग करते हुए वर्ष 2047 तक भारत की शिक्षा व्यवस्था की संभावनाओं, तकनीकी नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और विकसित भारत की परिकल्पना को आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।

वहीं, नीति-विचार प्रतियोगिता में ‘नीति-कथाएँ’ विषय के माध्यम से विद्यार्थियों ने नीति, नैतिक मूल्यों, जीवन-दृष्टि और सामाजिक सरोकारों को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया। कविता लेखन के माध्यम से भी विद्यार्थियों ने अपने विचारों और भावनाओं को प्रभावी अभिव्यक्ति दी।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. के.बी. श्रीवास्तव ने इस प्रकार की रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सृजनात्मक सोच, नवाचार, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में सहायक होते हैं।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में विकसित भारत @2047 के प्रति उत्साह, सकारात्मक सोच और भविष्य के भारत की स्पष्ट कल्पना दिखाई दी। आयोजन का मूल संदेश “शिक्षा से सशक्त भारत, नवाचार से समर्थ भारत, कौशल से समृद्ध भारत और सहभागिता से राष्ट्र निर्माण” रहा।

इस अवसर पर डॉ. राजीव सिंह कनौजिया, डॉ. सुमित बिजल्वाण, डॉ. दयाधर सेमवाल, डॉ. निशा चौहान, श्रीमती दमयंती, शेर सिंह, अली तौफीक, मुकेश, नंदकिशोर थपलियाल, राजेश एवं संतोष सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button