उत्तराखंडदेश-विदेशयूथशिक्षासामाजिक

स्पोकन इंग्लिश पर व्याख्यान में विद्यार्थियों ने सीखे प्रभावी संवाद के गुर

कर्णप्रयाग महाविद्यालय में 120 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, अंग्रेजी बोलने की झिझक दूर करने और नियमित अभ्यास पर दिया जोर

कर्णप्रयाग(अंकित तिवारी):
डॉ. शिवानन्द नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में बुधवार को अंग्रेजी विभाग के तत्वावधान में विद्यार्थियों के अंग्रेजी भाषा संबंधी व्यावहारिक ज्ञान एवं संवाद कौशल को विकसित करने के उद्देश्य से ‘स्पोकन इंग्लिश में सुधार’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के करीब 120 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में वाधवानी एआई के मुख्य वक्ता  मानव शर्मा एवं  मुहम्मद आदिल इकबाल ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने दैनिक जीवन, उच्च शिक्षा तथा रोजगार के क्षेत्र में अंग्रेजी भाषा के प्रभावी संचार की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को अंग्रेजी बोलने के दौरान होने वाली झिझक और संकोच को दूर करने, नियमित अभ्यास करने तथा सरल एवं सहज तरीके से अंग्रेजी में संवाद करने के लिए प्रेरित किया।

वक्ताओं ने कहा कि अंग्रेजी भाषा का ज्ञान केवल परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्तमान समय में यह व्यक्तित्व विकास, उच्च शिक्षा, रोजगार और विभिन्न व्यावसायिक अवसरों से जुड़ा महत्वपूर्ण कौशल है। उन्होंने विद्यार्थियों को संवाद के दौरान आत्मविश्वास बनाए रखने तथा गलतियों से घबराने के बजाय निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपनी भाषा दक्षता विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने वक्ताओं के साथ सक्रिय संवाद किया तथा अंग्रेजी बोलने, समझने और दैनिक जीवन में इसके प्रभावी प्रयोग से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें व्यावहारिक सुझाव दिए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से आयोजन का उद्देश्य प्रभावी रूप से पूरा होता दिखाई दिया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों के लिए विषयगत ज्ञान के साथ-साथ प्रभावी संचार कौशल भी अत्यंत आवश्यक है। अंग्रेजी भाषा का व्यावहारिक ज्ञान विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ ही उनके व्यक्तित्व विकास और रोजगार के अवसरों को व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे कार्यक्रम में प्राप्त जानकारी को केवल सुनने तक सीमित न रखें, बल्कि नियमित अभ्यास के माध्यम से उसे अपने व्यवहार और दैनिक संवाद का हिस्सा बनाएं।

कार्यक्रम का आयोजन अंग्रेजी विभाग द्वारा किया गया। डॉ. दिशा शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अंग्रेजी विभाग के प्रयासों की सराहना की गई।

इस अवसर पर डॉ. किरण कुमार पंत, डॉ. मृगांक मलासी, डॉ. सीमा पोखरियाल सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button